बुलंदशहर में एक शादी समारोह के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। बराती आपस में भिड़ गए और हॉल में लात-घूंसों के साथ कुर्सियां भी चलने लगीं। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना मिर्जापुर निवासी शरीफ की बेटी की शादी में हुई। डासना से आई बारात रस्मों में व्यस्त थी तभी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों तरफ के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। लात-घूंसे चलने लगे और कुर्सियों को हथियार बना लिया गया। हॉल में कुर्सियां इधर-उधर बिखर गईं और मेहमानों में भगदड़ मच गई। कई लोग इस झड़प में घायल भी हुए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति काबू में ली और मामला शांत कराया। इसके बाद शादी की बाकी रस्में पूरी की गईं और दुल्हन की विदाई भी करा दी गई।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने के बाद लोगों में चर्चा का विषय बन गया है। कई यूजर्स ने शादी जैसे खुशी के मौके पर हुई इस मारपीट पर हैरानी जताई है। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह शांत है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।