सात समंदर पार फ्रांस से दूल्हा अपनी बरात लेकर भारत पहुंचा है और चरखी दादरी की बेटी के साथ विवाह के बंधन में बंधने जा रहा है। शहर के महेंद्रगढ़ रोड स्थित दादरी पोर्टा हवेली में दादरी की बेटी अंशु और फ्रांस निवासी फाउजी विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। खास बात यह है कि विदेशी दूल्हा भारतीय संस्कृति और यहां के रीति-रिवाजों से प्रभावित होकर पूरे वैदिक विधि-विधान के साथ विवाह करेगा। इस अनूठे मिलन को लेकर दोनों परिवारों में उत्साह का माहौल है।
दुल्हन बनने जा रही अंशु शहर के पूर्णनगर वासी राजेश कुमार और राजरानी की सुपुत्री हैं, जबकि दूल्हे फाउजी के पिता पैट्रिक फर्डिनेंड और माता नादिया फर्डिनेंड फ्रांस के निवासी हैं। अंशु की स्कूली शिक्षा चरखी दादरी में ही हुई है। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए साइप्रस का रुख किया, जहां उन्होंने बिजनेस एंड फाइनेंस की पढ़ाई की। इसी दौरान उनकी मुलाकात फ्रांस निवासी फाउजी से हुई। फाउजी भी साइप्रस में पढ़ाई कर रहे थे। पढ़ाई के दौरान दोनों की मुलाकात हुई। वर्तमान में दोनों साइप्रस में ही नौकरी कर रहे हैं। पोती के विवाह के शुभ अवसर पर दादी रामपति देवी की ओर से भी रिश्तेदारों और आमंत्रितों को निमंत्रण दिया गया है। फ्रांस से दूल्हे के परिजनों के साथ बारात पहुंचने पर उनके स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
हल्दी-मेहंदी से शुरू हुआ तीन दिवसीय उत्सव
विवाह समारोह की शुरुआत 18 नवंबर को हल्दी और मेहंदी की पारंपरिक रस्मों के साथ हुई। इसके बाद 19 नवंबर को चाक-भात और महिला संगीत का आयोजन किया गया। महिला संगीत में परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के माध्यम से विवाह की खुशियां मनाईं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में भारतीय संस्कृति की पारंपरिक झलक देखने को मिल रही है।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेगा विदेशी दूल्हा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार शाम 6:15 बजे बरात का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद 7:15 बजे विवाह की रस्में शुरू होंगी। भारतीय रीति-रिवाजों के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंशु और फाउजी सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लेंगे। इसके बाद प्रीतिभोज और डोली की रस्म आयोजित होगी।
दो संस्कृतियों का मिलन बनेगा यादगार
यह विवाह केवल दो युवक-युवती का मिलन नहीं, बल्कि दो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के परिवारों के जुड़ने का भी खास अवसर है। फ्रांस से आए दूल्हे का भारतीय परंपराओं के अनुरूप विवाह करना इस आयोजन को विशेष बना रहा है। दादरी की पोर्टा हवेली में सजे विवाह समारोह के माध्यम से भारतीय रीति-रिवाजों, पारिवारिक संस्कारों और वैवाहिक परंपराओं की खूबसूरत झलक देखने को मिल रही है।