पन्ना में ऑटो चालक की चमकी किस्मत:15 दिन की मेहनत के बाद मिला 3.17 कैरेट का हीरा, कीमत जानकर हैरान हो जाएंगे – An Auto-rickshaw Driver’s Fortune Shines In Panna! He Discovers A 3.17-carat Diamond In A Mine
मध्य प्रदेश के पन्ना की धरती कब किसकी किस्मत बदल दे, कहा नहीं जा सकता। यहां एक ऑटो चालक की किस्मत ऐसी चमकी कि महज 15 दिनों की मेहनत में वह लखपति बन गया। देवउठनी एकादशी के अवसर पर सोनू रैकवार को रानीपुर क्षेत्र में स्थित अपनी खदान से 3.17 कैरेट का हीरा मिला है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
सोनू रैकवार के पिता का नाम बाबूलाल रैकवार है। सोनू रोजाना ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके मुताबिक, पिछले 10 से 15 दिनों से उन्हें रात में सोते समय लगातार हीरा मिलने के सपने आ रहे थे। नींद खुलने पर उन्हें लगता था कि काश, यह सपना सच हो जाए।
आखिरकार उन्होंने अपने परिवार के लोगों को सपनों के बारे में बताया। इस पर घरवालों ने उन्हें पन्ना में हीरे की खदान लगाने की सलाह दी। परिवार की सलाह मानकर सोनू ने हीरा कार्यालय से पट्टा लिया और पहली बार रानीपुर क्षेत्र में उथली खदान शुरू की।
पढे़ं: भोपाल के वैज्ञानिकों ने बनाई बर्ड फ्लू की स्वदेशी वैक्सीन, एक डोज सिर्फ 2 रुपये में होगी उपलब्ध
हैरानी की बात यह रही कि खदान में महज 15 दिनों की खुदाई के बाद ही उन्हें 3.17 कैरेट का हीरा मिल गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। इस कामयाबी से सोनू और उनके परिवार में खुशी का माहौल है।
नीलामी की रकम से दोबारा लगाएंगे खदान
सोनू ने बताया कि हीरे की नीलामी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वह आगे भी खदान लगाने में करेंगे। उनकी कोशिश बड़े हीरे की तलाश जारी रखने की है। उनका कहना है कि उन्हें अब भी बड़ा हीरा मिलने के सपने आ रहे हैं। फिलहाल सोनू ने मिले हीरे को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है। हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार, यह जेम्स क्वालिटी का हीरा है। बाजार में इसकी अच्छी मांग है। इसे आगामी नीलामी में शामिल किया जाएगा।
नीलामी में रखे जाएंगे 175 हीरे
हीरा कार्यालय में लगातार हीरे जमा हो रहे हैं। हीरा पारखी अनुपम सिंह के मुताबिक, कार्यालय में अब तक कुल 175 नग हीरे जमा हो चुके हैं। इनका कुल वजन 387.21 कैरेट है और अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 1 लाख रुपये बताई गई है। इन हीरों को आगामी नीलामी में रखा जाएगा।
पन्ना की धरती बदल देती है किस्मत
पन्ना की धरती को हीरों की नगरी कहा जाता है। यहां कब किसकी किस्मत चमक जाए, कोई नहीं जानता। कई लोगों ने इस धरती पर अपने सपने साकार किए हैं, तो कई लोग वर्षों की मेहनत के बाद भी हीरे की तलाश में जुटे हैं। वहीं सोनू रैकवार को महज 15 दिनों में हीरा मिलना किसी सपने के सच होने जैसा है। ऑटो चलाकर परिवार पालने वाले सोनू अब हीरे की नीलामी के बाद आगे भी खदान लगाने की तैयारी में हैं।
