शहर में प्रतिबंधित सिंथेटिक मांझे का इस्तेमाल लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। अब इसकी चपेट में पुलिस विभाग का एक जवान आ गया। मिश्राना चौकी क्षेत्र में रास्ते से गुजर रहे सिपाही के गले में पतंग का धारदार मांझा फंस गया, जिससे उनकी गर्दन पर गहरा घाव हो गया।
नीमगांव थाने में कार्यरत 30 वर्षीय सिपाही उमेश सागर की इन दिनों जिला मुख्यालय पर सीआर के तहत ड्यूटी लगी हुई है। देर शाम वह सब्जी खरीदने के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक हवा में लटक रहा चाइनीज मांझा उनके गले में उलझ गया। धार इतनी तेज थी कि गर्दन कट गई और वह लहूलुहान हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
इस घटना ने शहर में प्रतिबंधित मांझे की उपलब्धता को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। रोक के बावजूद इसकी बिक्री और इस्तेमाल जारी रहने से राहगीरों की सुरक्षा खतरे में है। दोपहिया वाहन चालकों के साथ ही पैदल चलने वाले लोग भी इसकी चपेट में आकर चोटिल हो रहे हैं। इसके बाद भी इस खतरनाक मांझे की बिक्री रोकने के लिए सख्त निगरानी और कार्रवाई की जरूरत बनी हुई है।