Raebareli News:अज्ञात वाहन से टकराई बाइक, प्रॉपर्टी डीलर की मौत – Bike Collides With An Unidentified Vehicle; Property Dealer Dies
लालगंज (रायबरेली)। बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे प्रॉपर्टी कारोबारी नीरज सिंह (50) बृहस्पतिवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा बांदा-बहराइच मार्ग पर ज्ञानू ढाबा के निकट हुआ। शुक्रवार को बेटी का तिलक जाना था और 25 नवंबर को शादी होनी थी। हादसे से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
पूरे टोड़ी मजरे सेमरपहा गांव निवासी नीरज सिंह बेटी की शादी की तैयारियों के सिलसिले में बाइक से लालूमऊ जा रहे थे। ज्ञानू ढाबा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
नीरज के छोटे भाई पंकज, पत्नी नीलम, बेटे विराट और बड़ी बेटी हर्षिता समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुभचिंतकों में भी शोक की लहर दौड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय नीरज हेलमेट नहीं पहने थे। सीओ सुजीत राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
