शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अयोध्या

Ayodhya News:गवाहों के बयान का निरीक्षण कर सकेंगे आरोपी के अधिवक्ता – The Accused’s Counsel Will Be Able To Examine The Statements Of Witnesses

November 20, 2026


अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में जिला कारागार में निरुद्ध आठ आरोपियों के अधिवक्ता गवाहों के बयान और विवेचना से जुड़े अभिलेखों का अवलोकन कर सकेंगे। आरोपियों की ओर से गवाह चंपत राय के बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग समेत 23 बिंदुओं से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई थी। इस पर बृहस्पतिवार को विशेष न्यायाधीश एंटी करप्शन एक्ट रजत वर्मा ने आदेश जारी किया।

न्यायालय ने आरोपियों की अर्जी में मांगे गए अभिलेखों और वीडियो का उनके अधिवक्ता को अवलोकन कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए कोर्ट कार्यालय, नकल अनुभाग अथवा कंप्यूटर अनुभाग में लीगल एड डिफेंस कौंसिल को अभिलेख उपलब्ध कराए जाएंगे।

इससे पहले आरोपियों की ओर से पैरवी कर रहे लीगल एड डिफेंस कौंसिल के डिप्टी चीफ कुलशेखर सिंह ने अदालत में तर्क दिया कि आरोप पत्र के साथ संलग्न कुछ अभिलेखों और वीडियो की प्रतियां अभियोजन पक्ष की ओर से उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इस कारण आरोपियों की ओर से उन्मोचन (डिस्चार्ज) का प्रार्थना पत्र दाखिल नहीं किया जा पा रहा है। उन्होंने सभी जरूरी दस्तावेज पेन ड्राइव में उपलब्ध कराने की मांग की थी।

अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष अभियोजन अधिकारी संजय दूबे ने अर्जी का विरोध किया। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी की ओर से दाखिल आपत्ति में कहा गया कि 23 सितंबर को ही आरोपियों को केस डायरी, आरोप पत्र समेत सभी संबंधित अभिलेख उपलब्ध करा दिए गए थे। अन्य दस्तावेज काफी विस्तृत हैं, इसलिए उन्हें उपलब्ध कराया जाना संभव नहीं है। आठों आरोपियों को बृहस्पतिवार को जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया।

आरोपियों ने 23 बिंदुओं पर मांगे थे दस्तावेज

आरोपियों की ओर से दाखिल अर्जी में गवाह चंपत राय के बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग, मेडिकल रिपोर्ट और फॉरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट मांगी गई थी। इसके अलावा आरोपियों के परिजनों की ओर से रामलला कंस्ट्रक्शन बैंक में नकदी जमा कराने के संबंध में किए गए पत्राचार की प्रतियां भी मांगी गई थीं। पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान की वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ विवेचना में जुटाए गए साक्ष्यों और की गई कार्रवाई से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग भी की गई थी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X