Hapur News:मेले में बेहोशी की हालत में मिले छह व्यक्ति, मेरठ रेफर – Six Individuals Found In An Unconscious State At The Fair
गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेला क्षेत्र में शुक्रवार को उत्तराखंड के छह व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिले। पुलिस ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने सभी को मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि उत्तराखंड के जफरपुर निवासी राजेश बक्शी, पार्वती निवासी दिनेशपुर, पानमती, नारायण राय, बढै़य्सा, कंचल मंडले निवासी उत्तराखंड कार्तिक पूर्णिमा मेले में गंगा स्नान के लिए आए थे। यह सभी मेला स्थल के निकट बेहोशी की हालत में मिले। सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया।
कुछ होश में आने पर राजेश ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर रात उन्हें एक व्यक्ति मिला था। उसने उन्हें फ्री में चाय पिलाई थी। संभवत: चाय में कुछ नशीला पदार्थ मिला हुआ था। वह इससे अधिक जानकारी नहीं दे सके। चिकित्सकों ने सभी को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के लिए रेफर कर दिया। सीओ राहुल यादव का कहना है कि घटना के बारे में पीड़ित ही सही ढंग से जानकारी दे सकेंगे। उपचार के बाद उनसे पूछताछ कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
