दुर्जनपुर घाट। तरबगंज-अमदही मार्ग पर घोघरा घाट के पास शुक्रवार को अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी तरबगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भतीजे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
धौरहराघाट ग्राम सभा के बाबापुरवा निवासी पवन कुमार अपने चाचा परशुराम के साथ बहन की शादी का निमंत्रण बांटने गए थे। शुक्रवार को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोघरा घाट के पास अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में दोनों सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी तरबगंज पहुंचाया गया। वहां पवन कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, जिला अस्पताल में उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार है। थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने बताया कि घटना की सूचना थाने पर नहीं मिली है।