Kanpur News:लोडर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत – Motorcyclist Killed After Being Hit By A Loader Vehicle
कानपुर देहात। अकबरपुर थाना क्षेत्र के गौरियापुर के पास बृहस्पतिवार रात एक लोडर पिकअप वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। सट्टी थाना क्षेत्र के तमरापुर गांव निवासी रिजवान (32) पुत्र सुलेमान अपने चचेरे भाई शोएब की शादी समारोह में शामिल होने बाइक से अकबरपुर के बारा स्थित एक गेस्ट हाउस में आए थे।
बृहस्पतिवार रात करीब डेढ़ बजे वह गांव के लिए वापस लौट रहा था। रास्ते में गौरियापुर हाईवे स्थित एक ढाबे के पास दूध के कैन लदी लोडर पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रिजवान के सिर पर लोडर का पहिया चढ़ने से मौके पर मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। इधर, हादसे की जानकारी होने पर परिजन मोर्चरी पहुंच गए। रिजवान का शव देख बड़े भाई रफीक व जमील व पत्नी शबाना बिलखते रहे। जमील ने बताया कि रिजवान मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते थे। मृतक की तीन वर्षीय बेटी खुशी है। मृतक पांच भाइयों में सबसे छोटा था। अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
