निखिल गुप्ता:अमेरिका में अंडरकवर अधिकारी को समझने में चूक गया ‘इंडियन योगा’, नहीं उतार पाया ‘हिटमैन’ का नकाब – Nikhil Gupta: ‘indian Yoga’ Fails To Identify Undercover Officer In America, Fails To Unmask ‘hitman’
न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले में अमेरिकी जिला न्यायाधीश ने निखिल गुप्ता को 235 महीने की जेल की सजा सुनाई है। निखिल गुप्ता, जिसे ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में ‘इंडियन योगा’ नाम लेकर बुलाया जाता था, अमेरिका में अंडरकवर अधिकारी को समझने में चूक कर गया। वह उस ‘हिटमैन’ के चेहरे का नकाब नहीं उतार पाया, जो हकीकत में ‘भाड़े का अपराधी’ नहीं, बल्कि अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसी का एक अंडरकवर अधिकारी था। जिसे गुप्ता ने ड्रग्स की तस्करी करने वाला समझा था, वह भी अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जुड़ा हुआ व्यक्ति निकला।
गुप्ता ने तीन आरोपों को स्वीकार कर लिया था
बचाव पक्ष ने अमेरिकी जिला न्यायाधीश से निखिल गुप्ता को 144 महीने यानी 12 वर्ष की सजा सुनाने का आग्रह किया था। इस बाबत जो अदालत में जो तर्क दिया गया, उसमें कहा गया कि भारत में गुरपतवंत सिंह पन्नू, जो भारत में आतंकवादी घोषित है, उसके खिलाफ यूएपीए के तहत केस दर्ज हैं, की हत्या की साजिश के मामले में गुप्ता को कोई आर्थिक लाभ नहीं होने वाला था। उसके अपराध को ज्यादा गंभीर दिखाया जा रहा है। उस पर भारत के किसी सरकारी कर्मचारी का दबाव था। बता दें कि दिल्ली निवासी 55 वर्षीय गुप्ता ने उक्त मामले में इस साल 13 फरवरी को तीन आरोपों को स्वीकार कर लिया था। इनमें हत्या की साजिश रचना, उसके लिए किसी की मदद लेना और आर्थिक लाभ के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का प्रयास, शामिल हैं।
दो चेहरों को पहचाने में नाकाम रहा ‘गुप्ता’
अभियोजन पक्ष के अनुसार, निखिल गुप्ता की गिरफ्तारी से पहले अमेरिका की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने उस पर निगरानी रखना शुरू कर दिया था। गुप्ता को इसकी भनक नहीं लग सकी। वह बड़ी मुसीबत में तब फंसा, जब उसने एक ऐसे व्यक्ति के साथ बातचीत शुरू की, जो ‘अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियां’ का अपना आदमी था। उस व्यक्ति ने गुप्ता के सामने खुद को बतौर ‘ड्रग तस्कर’ पेश किया। इस व्यक्ति पर गुप्ता ने भरोसा जताया और उसके साथ अपने प्लान से जुड़ी कई अहम बातें साझा की। फोन पर भी बातचीत होने लगी। गुप्ता को ट्रैप करते हुए उस व्यक्ति ने एक अन्य व्यक्ति को अपने साथ मिला लिया। उसने गुप्ता का उस व्यक्ति के साथ यह कह कर परिचय कराया कि वह ‘हिटमैन’ है। गुप्ता ने हिटमैन यानी ‘भाड़े के हत्यारे’ पर भी विश्वास कर उसे कई जानकारियां दे दी। बाद में पता चला कि हिटमैन भी अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसी का एक अंडरकवर अधिकारी था। गुप्ता को 30 जून, 2023 को चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी अमेरिका के अनुरोध पर की गई थी। 14 जून, 2024 को गुप्ता को न्यूयॉर्क लाया गया था।
‘राजनीतिक हत्या की कोशिश’ से जोड़ा मामला
इस मामले को लेकर अभियोजन पक्ष ने अदालत में यह दलील दी थी कि गुप्ता के अपराध को गंभीर मानते हुए उसे कठोर सजा दी जाए। अभियोजन पक्ष ने इस मामले को ‘राजनीतिक हत्या की कोशिश’ से जोड़ दिया। इसी वजह से गुप्ता को अधिकतम सजा देने की मांग की गई। अमेरिकी धरती पर राजनीतिक मामले को लेकर हत्या का प्रयास करना, एक अत्यंत गंभीर अपराध है। सरकारी पक्ष का कहना था कि पन्नू की हत्या की साजिश इसलिए रची गई, क्योंकि गुप्ता उसकी राजनीतिक विचारधारा के खिलाफ था। अदालत को बताया गया कि इस केस में एक सरकारी व्यक्ति भी प्रमुख तौर पर शामिल है। अभियोजन पक्ष ने यह आरोप भी लगाया कि गुप्ता ने हिटमैन को पन्नू की हत्या के लिए तैयार करते वक्त कई तरह का लालच दिया था। इसमें ड्रग्स और हथियारों का सौदा, भी शामिल है।
रॉ के पूर्व अधिकारी विकास यादव का नाम
अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के दस्तावेजों में विकास यादव का भी जिक्र किया गया है। दिल्ली पुलिस ने दिसंबर 2023 में यादव को अपहरण एवं जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया था। हालांकि अप्रैल 2024 में जमानत मिल गई। उसके बाद से यादव की कोई सूचना नहीं है। अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अदालत के समक्ष पेश की गई अपनी दलीलों में जो सबूत पेश किए थे, उनमें गुप्ता और यादव के बीच हुई बातचीत शामिल है। अमेरिकी जांच एजेंसी ‘एफआईबी’ ने अक्टूबर 2024 में विकास यादव को वांटेड सूची में शामिल किया था। यादव पर अमेरिका में गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में गुप्ता ने अन्य कैदियों को योग सिखाना प्रारंभ कर दिया। गुप्ता ने अदालत में अपना पक्ष रखते हुए बताया था कि सेंटर के अधिकारी और कैदी मुझे ‘इंडियन योगा’ कहकर बुलाने लगे थे।
भरोसे की फोन कॉल पर भेद खुलता चला गया
गुप्ता ने जिन लोगों पर भरोसा जताया कि वे उसकी मदद करेंगे, वे अमेरिकन एजेंसियों से जुड़े लोग निकले। वह भरोसे में फोन पर बहुत कुछ बताता चला गया। मणिपुर में विमान सौदे की बात भी फोन पर हुई। विमान में ड्रग्स और हथियार व दो हजार किलोग्राम का शिपमेंट, ये सब बातें रिकॉर्ड पर आती चली गई। गुप्ता का कौन सा ऐसा साथी है जो ड्रग्स व दूसरे सामान के लिए चार्टर्ड विमान का इस्तेमाल कर सकता है, ये राज भी खुल गया। गुप्ता को उम्मीद थी कि यह टॉस्क पूरा होने पर उसे कई सौदे मिल सकते हैं। अभियोजन पक्ष ने अदालत में कहा था कि गुप्ता ने अंडरकवर अधिकारी को यह भी बता दिया था कि गुरपतवंत सिंह पन्नू अकेला हो तो उस पर अटैक कर देना है। अगर वह किसी के साथ है तो सबको खत्म कर दो। अभियोजन पक्ष ने अदालत में इस सबूत के जरिए यह साबित करने का प्रयास किया कि गुप्ता संगठित आपराधिक गतिविधियों की तरफ बढ़ चुका था।
‘वीडियो’ के बाद से ही एजेंसियां सतर्क हो गई थीं
18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में स्थित गुरुद्वारे के बाहर हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद विकास यादव ने गुप्ता को एक वीडियो भेजा था। उसमें निज्जर की डेड बॉडी दिख रही थी। भरोसे में वह वीडियो गुप्ता ने अपने उस साथी और ‘हिटमैन’ को भेज दिया, जिसे वह अपना समझ रहा था। इसके बाद अमेरिका की एजेंसियां सतर्क हो गईं। नवंबर को अभियोजन पक्ष ने वीडियो के कुछ अंश कोर्ट में दिखाए थे। गुप्ता ने ‘हिटमैन’ से कहा था कि निज्जर भी एक टारगेट था। ऐसे ही कुछ दूसरे टारगेट भी हैं। निज्जर की हत्या से पहले भी गुप्ता ने टारगेट को लेकर किसी से बातचीत की थी। बाद में जब निज्जर केस की चार्जशीट पेश की गई तो उसमें गुप्ता और यादव का नाम नहीं था। उसमें भारत के किसी सरकारी अधिकारी की संलिप्तता का प्रमाण भी नहीं मिला।
