शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरसा

Sirsa News:बड़े भाई को एक व छोटे को 5 साल कैद – Brothers Sentenced To Jail

November 20, 2026


सिरसा। जिला एवं सत्र न्यायालय ने करीब आठ साल पुराने हमला और फायरिंग के मामले में दो सगे भाइयों को सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया की अदालत ने यह फैसला दिया। रानियां थाना पुलिस ने इस मामले में 12 अगस्त 2018 को प्राथमिकी दर्ज की थी।

अदालत ने दोषी संतोख सिंह को एक साल कैद और एक हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। उसके छोटे भाई त्रिलोक सिंह को पांच साल कैद और 11 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया गया है।

गांव थेहड़ी वरयाम सिंह निवासी जोगा सिंह ने पुलिस को बयान दिया था। उसने बताया कि 12 अगस्त 2018 को संतोख सिंह और त्रिलोक सिंह ट्रैक्टर पर हथियारों के साथ पहुंचे थे। आरोपियों ने जोगा सिंह पर हमला कर मारपीट की। संतोख सिंह ने दातर से उसके सिर और बाएं हाथ पर वार किया।

शोर सुनकर जोगा सिंह के भाई बलजिंद्र सिंह और सतनाम सिंह बीच-बचाव करने आए। आरोपियों ने डंडे से बलजिंद्र सिंह की नाक पर भी वार किया।

जोगा सिंह के अनुसार, इसी बीच त्रिलोक सिंह ने 315 बोर के पिस्तौल से दो फायर किए। तीनों भाइयों ने जमीन पर लेटकर अपनी जान बचाई थी। यह हमला 8 अगस्त को संतोख सिंह द्वारा बिना बताए जोगा सिंह का हड़ंबा ले जाने की रंजिश में किया गया था।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X