शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:बिलासपुर में 9 और 10 जनवरी को होगी राज्य मास्टर्स खेलकूद प्रतियोगिता – The State Masters Sports Competition Will Be Held In Bilaspur On January 9 And 10

November 20, 2026


30 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी 14 खेलों में दिखाएंगे प्रतिभा

31 दिसंबर तक भेजनी होंगी प्रविष्टियां, 8 जनवरी को दोपहर दो बजे से होगी खिलाड़ियों की रिपोर्टिंग

संवाद न्यूज एजेंसी

बिलासपुर। प्रदेश के 30 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने जा रहा है। मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश की ओर से 15वीं राज्य मास्टर्स खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 9 और 10 जनवरी 2027 को बिलासपुर में किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से महिला और पुरुष खिलाड़ी 14 अलग-अलग खेलों में भाग लेंगे।

प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, डार्ट, योग, जूडो, हैंडबॉल और टेनिस बॉल क्रिकेट शामिल हैं। एसोसिएशन के महासचिव तेजस्वी शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को अपनी प्रविष्टियां 31 दिसंबर 2026 तक भेजनी होंगी। खिलाड़ियों की रिपोर्टिंग 8 जनवरी को दोपहर दो बजे से खेल मैदान में शुरू होगी।

प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों को भाग लेने का अवसर मिलेगा। हालांकि, सात खिलाड़ियों वाली फुटबॉल स्पर्धा केवल पुरुषों के लिए आयोजित की जाएगी। आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों के लिए दोपहर और रात के भोजन की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि, ठहरने का प्रबंध खिलाड़ियों को स्वयं या अपनी संबंधित जिला मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन के माध्यम से करना होगा। एसोसिएशन ने सभी जिला सचिवों को निर्धारित समय सीमा के भीतर खिलाड़ियों की प्रविष्टियां भेजने के निर्देश दिए हैं।

अलग-अलग खेलों के लिए निर्धारित किया प्रवेश शुल्क

एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, शतरंज, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, वॉलीबॉल, डार्ट, योग, जूडो, हैंडबॉल और टेनिस बॉल क्रिकेट के लिए प्रति खिलाड़ी 1000 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। एथलेटिक्स में खिलाड़ी इस शुल्क के तहत तीन स्पर्धाओं में भाग ले सकेंगे।

बैडमिंटन में पहली स्पर्धा के लिए 1500 रुपये और प्रत्येक अतिरिक्त स्पर्धा के लिए 500 रुपये देने होंगे। टेबल टेनिस में पहली स्पर्धा का शुल्क 1200 रुपये और प्रत्येक अतिरिक्त स्पर्धा के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है। डबल्स और मिक्स्ड डबल्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रवेश फॉर्म में दोनों प्रतिभागियों के नाम दर्ज करवाने होंगे। पहले से पंजीकृत खिलाड़ी किसी अन्य खेल में भी भाग लेना चाहते हैं तो उन्हें प्रत्येक अतिरिक्त खेल के लिए 500 रुपये शुल्क देना होगा। समय का टकराव होने पर टीम स्पर्धाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X