Mohali News:पंजाब हॉकी लीग शुरू, राउंड ग्लास ने जीता पहला मुकाबला – Punjab Hockey League Begins; Roundglass Wins The Opening Match
मोहाली। देश के सबसे बड़े जूनियर हॉकी टूर्नामेंट पंजाब हॉकी लीग (पीएचएल) के तीसरे सीजन का आगाज हो गया है। पहले दिन मेजबान राउंड ग्लास हॉकी अकादमी ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब मुंबई को 3-0 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। यह टूर्नामेंट मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में शुरू हुआ। उद्घाटन समारोह में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के उपकप्तान और पीएचएल-2026 के ब्रांड एंबेसडर हार्दिक सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। राउंड ग्लास हॉकी अकादमी ने पूरे मुकाबले में बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। दिन के एक अन्य मुकाबले में घुम्मनहेड़ा राइजर्स अकादमी, नई दिल्ली ने स्पोर्ट्स डेवलपमेंट की टीम को हराया। इस जीत के साथ घुम्मनहेड़ा ने अपनी चुनौती मजबूत की। राउंड ग्लास हॉकी अकादमी और हॉकी पंजाब संयुक्त रूप से इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे हैं। इसमें देश की दस प्रमुख हॉकी अकादमियों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
टूर्नामेंट का प्रारूप और कार्यक्रम
टूर्नामेंट लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में खेला जा रहा है। लीग चरण तीन दिसंबर तक चलेगा। इसके बाद नॉकआउट मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में होंगे। सेमीफाइनल पांच दिसंबर को और खिताबी मुकाबला छह दिसंबर को खेला जाएगा। उद्घाटन समारोह में पद्मश्री एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता सरपाल सिंह, ओलंपिक पदक विजेता दिलप्रीत सिंह, पूर्व भारतीय कप्तान राजपाल सिंह और राजिंदर सिंह सीनियर भी मौजूद रहे।
