Chamoli News:बदरीनाथ में मास्टर प्लान के कार्यों में जुटे हैं 300 श्रमिक व तकनीशियन – 300 Workers And Technicians Are Engaged In Master Plan Projects In Badrinath
मौसम अनुकूल रहने पर जनवरी के पहले सप्ताह तक जारी रहेंगे निर्माण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भी मास्टर प्लान के तहत निर्माण कार्य जारी हैं। इन दिनों धाम में करीब 300 श्रमिक और तकनीशियन विभिन्न कार्यों में जुटे हुए हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए कार्यदायी संस्था आगे निर्माण कार्य जारी रखने या रोकने का निर्णय लेगी।
बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के द्वितीय चरण के कार्य किए जा रहे हैं। कार्यदायी संस्था निर्धारित समय पर निर्माण कार्य पूरा करने में जुटी है। धाम में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है और आम लोगों की आवाजाही भी प्रतिबंधित है। इसके बावजूद पीआईयू के करीब 250 श्रमिक और 50 तकनीशियन निर्माण कार्यों में लगे हैं।
पीआईयू के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल ने बताया कि धाम में रिवर फ्रंट के कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रथम चरण के कुछ शेष कार्य भी पूरे किए जा रहे हैं। माणा में भी निर्माण कार्य जारी हैं। उन्होंने बताया कि मौसम अनुकूल रहने पर जनवरी के पहले सप्ताह तक कार्य जारी रखने का लक्ष्य रखा गया है। मौसम की परिस्थितियों के अनुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा।
