रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कोटद्वार

Kotdwar News:घाड़ क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही से लोगों को खतरा – The Movement Of Elephants In The Ghad Area Poses A Threat To People

November 21, 2026


देर शाम तक जंगल में वॉकिंग और पिकनिक मनाने पहुंच रहे लोग

संवाद न्यूज एजेंसी

कोटद्वार/दुगड्डा। विकासखंड दुगड्डा के घाड़ क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद लोग कोटद्वार-बल्ली मोटर मार्ग से लगे जंगल में घूमने और पिकनिक मनाने पहुंच रहे हैं। सुबह-शाम वॉकिंग करने वालों की आवाजाही भी देर तक जारी रहती है।

न्याय पंचायत उतिर्छा की 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरतों के लिए कोटद्वार-बल्ली मोटर मार्ग से आवाजाही करते हैं। लैंसडौन वन प्रभाग के जंगल से गुजरने वाले इस मार्ग पर गोजेटा से कोटद्वार तक हाथियों की सक्रियता बनी रहती है। वहीं कोल्हूचौड़ से रवासन की ओर भी हाथियों के झुंड विचरण करते हैं। मार्ग पर कई अंधे मोड़ और घनी झाड़ियां होने से खतरा बढ़ जाता है। पूर्व में वॉकिंग के दौरान हाथी के हमले में एक पुलिसकर्मी की जान जा चुकी है। हाथी कई दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त कर चुके हैं। रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि विभाग के पास बजट उपलब्ध नहीं है। झाड़ियों के कटान के लिए पीएमजीएसवाई को पत्र भेजकर कार्रवाई का अनुरोध किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अनावश्यक आवाजाही से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X