Banda News:बरात निकासी के दौरान पलटा डीजे वाहन, दूल्हे की मौसेरी बहन की मौत – Dj Vehicle Overturns During Wedding Procession; Groom’s Maternal Cousin Dies
तिंदवारी। थाना क्षेत्र के सैमरी गांव में शुक्रवार रात बरात की निकासी के दौरान चढ़ाई पर डीजे वाहन पीछे की ओर फिसलकर पलट गया।
हादसे में दूल्हे की मौसेरी बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मौसी समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के समय डीजे पर दूल्हे का पूरा परिवार डांस कर रहा था। अचानक हुए हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
शुक्रवार रात करीब आठ बजे सैमरी गांव निवासी राजू पटेल की बरात की निकासी हो रही थी। डीजे वाहन के पीछे परिवार के लोग डांस कर रहे थे। इसी दौरान चढ़ाई पर डीजे वाहन अचानक पीछे की ओर फिसलकर पलट गया।
इसकी चपेट में आने से भुजौली गांव निवासी गीता (35) पत्नी विमल की मौके पर ही मौत हो गई। गीता दूल्हे राजू पटेल की मौसेरी बहन और सरस्वती की बेटी थी। वहीं, दूल्हे की मौसी सरस्वती पत्नी बाबू, मीना पत्नी सत्यवीर और सत्यवीर पुत्र फूलचंद घायल हो गए।
हादसे के बाद बरातियों और लोगों ने डीजे वाहन हटाकर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
थानाध्यक्ष आनंद सिंह ने बताया कि डीजे वाहन के पीछे की ओर फिसलने से हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
