Chandigarh News:नए साल पर पंचकूला डिपो को मिलेंगी 20 नई डीजल बसें, यात्रियों का सफर होगा सुहाना – Panchkula Depot To Receive 20 New Diesel Buses For The New Year; Passengers’ Journeys Set To Become More Pleasant
पंचकूला। पंचकूला डिपो में बसों की कमी दूर करने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने की दिशा में अच्छी खबर है। नए साल पर पंचकूला डिपो के बेड़े में 20 नई डीजल बसें शामिल होंगी। ये सभी बसें अशोक लेलैंड कंपनी की होंगी और नये साल में डिपो पहुंचने की उम्मीद है। नई बसों के आने से पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यात्रियों को बसों का इंतजार कम करना पड़ेगा और विभिन्न रूटों पर बसों की उपलब्धता बढ़ने से सफर पहले से अधिक सुविधाजनक होगा। पंचकूला डिपो के जनरल मैनेजर सुखदेव सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग की ओर से डिपो को 20 नई बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों के आने से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। विभाग का प्रयास है कि लोगों को आवागमन के लिए पर्याप्त बसें मिलें और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि नये साल में पहुंचने की उम्मीद है।
-नए रूप में तैयार की गई हैं बसें
डिपो में आने वाली सभी 20 बसें नई डीजल बसें हैं। ये अशोक लेलैंड कंपनी की होंगी और नए स्वरूप में मॉडिफाई की गई हैं। बसों के बेड़े में शामिल होने से डिपो की परिवहन क्षमता बढ़ेगी। इसके साथ ही विभाग को अलग-अलग रूटों पर बसों का संचालन बेहतर तरीके से करने में मदद मिलेगी।
-विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को मिलेगी राहत
पंचकूला से चंडीगढ़, कालका, पिंजौर, बरवाला, रायपुररानी और आसपास के क्षेत्रों में रोजाना बड़ी संख्या में लोग बसों से सफर करते हैं। विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को बसों की उपलब्धता बढ़ने से लाभ मिलने की उम्मीद है। नई बसें आने के बाद जरूरत के अनुसार विभिन्न रूटों पर इनका संचालन किया जा सकेगा। इससे यात्रियों को बसों के लिए अधिक देर इंतजार करने की परेशानी से राहत मिलेगी। नए साल में पंचकूला डिपो के बेड़े में 20 नई बसें शामिल होना यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। इससे रोडवेज की सेवाओं को बेहतर बनाने और यात्रियों को समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
