रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पौड़ी

Pauri News:विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पिता ने दी हत्या की तहरीर – Father Files Complaint Alleging Murder In Case Of Married Woman’s Suspicious Death

November 21, 2026


18 नवंबर को घर में चुन्नी के फंदे से लटका मिला था शव

संवाद न्यूज एजेंसी

गैरसैंण। नगर के सिलंगी मल्ली गांव में विवाहिता के चुन्नी के फंदे से लटककर आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के पिता ने पुलिस में हत्या की आंशका की तहरीर दी है। इस पर पुलिस जांच में जुटी है।

बीते 18 नवंबर को नगर के सिलंगी मल्ली गांव निवासी उर्मिला उर्फ लक्ष्मी (28) पत्नी महावीर सिंह का शव घर में चुन्नी से लटका हुआ मिला था। पुलिस और परिजनों ने शव को उतारा। कोतवाली गैरसैंण पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं शुक्रवार को मृतका के पिता बलवंत सिंह निवासी ग्वाड़ तल्ला ने कोतवाली में तहरीर देकर अपनी पुत्री की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने की गुहार लगाई है। कोतवाल मनोज सिरोला ने कहा कि मृतका के पिता की ओर से दी गई तहरीर को जांच में शामिल कर दिया गया है। मृतका की 10 साल पूर्व शादी हुई थी। वह अपने पीछे डेढ़ साल की बेटी और पांच साल का बेटा छोड़ गई है। मृतका का पति कहीं प्राइवेट नौकरी करता है। सूचना मिलने पर वह 19 नवंबर को गांव पहुंचा। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामले पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

डंपर से युवक की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज

गैरसैंण। चांदपुर गढ़ी के पास 18 नवंबर को हुए सड़क हादसे में एक दुपहिया वाहन सवार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस मामले में डंपर को सीज कर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी मनोज सिरोला ने बताया कि डंपर कर्णप्रयाग से गैरसैंण की ओर आ रहा था। इसी दौरान उसने कर्णप्रयाग की ओर जा रहे दुपहिया वाहन सवार साहिल (20) को कुचल दिया। साहिल पुत्र युद्ध वीर सिंह, डुंग्री, चंद्र नगर, रुद्रप्रयाग का निवासी था। हादसे के बाद साहिल की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने डंपर को सीज कर दिया है। मामले में मृतक युवक के पिता की तहरीर पर लापरवाही या उतावलेपन में मृत्यु कारित करना, मानव जीवन को खतरे में डालना सहित अन्य मामलों में अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X