रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:सड़क हादसे में इंटर के छात्र की मौत, अज्ञात स्कॉर्पियो ने बाइक में मारी टक्कर; ननिहाल में पसरा मातम – Nalanda-road-accident-17-year-old-student-dies-after-unknown-vehicle-hits-bike-near-benar-mod-sare
पटना

बिहार:सड़क हादसे में इंटर के छात्र की मौत, अज्ञात स्कॉर्पियो ने बाइक में मारी टक्कर; ननिहाल में पसरा मातम – Nalanda-road-accident-17-year-old-student-dies-after-unknown-vehicle-hits-bike-near-benar-mod-sare

November 21, 2026


नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र में बेनार मोड़ के समीप शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय इंटरमीडिएट के छात्र की मौत हो गई। छात्र बाजार से सामान लेकर अपने गांव लौट रहा था, तभी एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव निवासी राजीव सिंह के पुत्र रौनक कुमार के रूप में हुई है। वह बचपन से ही नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र स्थित अपने ननिहाल अमावां गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

बाजार से लौटते समय स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर

ग्रामीण युवराज के अनुसार, रौनक शुक्रवार शाम बाजार से सामान खरीदकर अकेले बाइक से अमावां गांव लौट रहा था। इसी दौरान बेनार मोड़ के पास एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक के हैंडल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस के फोन उठाने पर परिजनों को मिली हादसे की जानकारी

हादसे के बाद परिजनों ने जब रौनक के मोबाइल पर कॉल किया तो घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने फोन उठाया और दुर्घटना की जानकारी दी। इसके बाद अमावां गांव से परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां रौनक की मौत हो चुकी थी।

रौनक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। वह बचपन से ही अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था और नाना-नानी की देखभाल भी करता था। उसके माता-पिता और छोटा भाई दिल्ली में रहते हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद वे गांव के लिए रवाना हो गए हैं। घटना के बाद से ननिहाल में मातम पसरा हुआ है।

फरार वाहन की पहचान में जुटी पुलिस

सारे थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद फरार हुए वाहन की पहचान की जा रही है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X