रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:रिश्वत लेकर अवैध जमाबंदी कायम करने का आरोप, तत्कालीन सीओ और पति पर प्राथमिकी दर्ज – Jehanabad Bribery Case Co Husband Illegal Land Mutation Fir
गया

बिहार:रिश्वत लेकर अवैध जमाबंदी कायम करने का आरोप, तत्कालीन सीओ और पति पर प्राथमिकी दर्ज – Jehanabad Bribery Case Co Husband Illegal Land Mutation Fir

November 21, 2026


जहानाबाद। जिले के रतनी फरीदपुर अंचल की तत्कालीन अंचलाधिकारी (सीओ) नुजहत और उनके पति रैसूल इस्लाम के खिलाफ रिश्वत लेने और कथित तौर पर अवैध तरीके से जमीन की जमाबंदी कायम करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोप है कि जमाबंदी कायम करने के नाम पर सीओ के पति के बैंक खाते में अलग-अलग तिथियों में कुल 1 लाख 24 हजार 500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद गैरमजरुआ मालिक जमीन का डिमांड कायम कर दिया गया। शकूराबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जमाबंदी के नाम पर खाते में पैसे लेने का आरोप

यह मामला रतनी फरीदपुर पंचायत के सलारपुर गांव निवासी राजकुमार के आवेदन पर दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में राजकुमार ने आरोप लगाया है कि उनके ही गांव के दो युवकों के मोबाइल नंबर से अलग-अलग तारीखों में कुल 1,24,500 रुपये तत्कालीन अंचलाधिकारी के पति रैसूल इस्लाम के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे।

आवेदन में दावा किया गया है कि पैसे के लेनदेन के बाद विभिन्न गैरमजरुआ मालिक जमीन का डिमांड खोल दिया गया। इसके अलावा पड़ोसी को नाबालिग दिखाकर उसके हिस्से की जमीन हड़पने और गलत तरीके से जमाबंदी कायम करने का भी आरोप लगाया गया है।

मेडिकल छुट्टी के दौरान डोंगल से डिमांड खोलने का आरोप

राजकुमार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि तत्कालीन अंचलाधिकारी के मेडिकल छुट्टी पर रहने के बावजूद उनके डोंगल का इस्तेमाल कर परिमार्जन प्लस के माध्यम से ऑनलाइन डिमांड कायम किया गया। इसे राजस्व विभाग के नियमों का उल्लंघन बताया गया है।

आवेदन के मुताबिक, मेडिकल छुट्टी के दौरान नोवामा मौजा, थाना संख्या-66 में दाखिल-खारिज वाद संख्या 411/25-26 के तहत सत्येंद्र शर्मा, पिता कृष्ण देव शर्मा के नाम पर भाग संख्या 26, पृष्ठ संख्या 97 पर डिमांड कायम किया गया। वहीं, वाद संख्या 412/25-26 के तहत उपेंद्र शर्मा, पिता कृष्ण देव शर्मा के नाम पर भाग संख्या 26, पृष्ठ संख्या 98 पर डिमांड खोला गया। सूचक का दावा है कि इन मामलों में आवेदन के साथ कोई दस्तावेज भी संलग्न नहीं किया गया था।

जांच में और मामले सामने आने का दावा

आवेदक राजकुमार ने अंचलाधिकारी पर अन्य गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जाए तो जमीन की जमाबंदी और राजस्व संबंधी अनियमितताओं के कई अन्य मामले भी सामने आ सकते हैं।

इस संबंध में शकूराबाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि तत्कालीन अंचलाधिकारी और उनके पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के दौरान जिन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X