जिले की कलेक्टर शीला दाहिमा एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनकी चर्चा किसी प्रशासनिक फैसले या सरकारी कार्यक्रम को लेकर नहीं, बल्कि उनके गायन के शौक को लेकर हो रही है। कलेक्टर शीला दाहिमा का एक और गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह फिल्मी गाने की पंक्तियां गाती नजर आ रही हैं।
वीडियो में कलेक्टर शीला दाहिमा बॉलीवुड फिल्म के चर्चित गाने ‘दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड’ की पंक्तियां गुनगुनाती सुनाई दे रही हैं। दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड गाने वाला उनका यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो को लगातार शेयर किया जा रहा है और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें: इंदौर हाईकोर्ट: गैस पाइपलाइन विस्फोट में झुलसीं कंटेंट क्रिएटर की होगी दिव्यांगता जांच, 30 नवंबर की तारीख तय
आमतौर पर जिला कलेक्टर की पहचान प्रशासनिक जिम्मेदारियों, बैठकों, निरीक्षण और सरकारी योजनाओं की निगरानी से जुड़ी होती है लेकिन शीला दाहिमा का यह अंदाज उनकी एक अलग छवि सामने ला रहा है। इससे पहले भी उनके गाने के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आ चुके हैं। अब एक बार फिर उनका नया वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है।
वीडियो पर मिल रहे कमेंट्स में लोग उनके इस सहज और खुशनुमा अंदाज की सराहना कर रहे हैं। कई लोग इसे एक अधिकारी के व्यक्तित्व का अलग पक्ष बता रहे हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन इतना जरूर है कि कलेक्टर शीला दाहिमा का यह गाना श्योपुर के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है। उनका यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है और लोग कलेक्टर के इस अंदाज को पसंद कर रहे हैं।