रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
किशनगंज निकाह विवाद पर देशभर में बहस:सीमांचल के जनप्रतिनिधियों की उलेमाओं से अपील; बातचीत से निकालें समाधान – Deobandi Barelvi Dispute Kishanganj Arrabari Nikah Peace Appeal Bihar News
कोसी

किशनगंज निकाह विवाद पर देशभर में बहस:सीमांचल के जनप्रतिनिधियों की उलेमाओं से अपील; बातचीत से निकालें समाधान – Deobandi Barelvi Dispute Kishanganj Arrabari Nikah Peace Appeal Bihar News

November 21, 2026


बिहार के किशनगंज जिले के अर्राबाड़ी में एक निकाह की मजलिस से शुरू हुआ देवबंदी-बरेलवी विवाद अब धार्मिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया से लेकर धार्मिक मंचों तक इस मामले पर बहस जारी है। विवाद को आगे बढ़ने से रोकने के लिए अब सीमांचल के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहल की है। उन्होंने दोनों मस्लकों के जिम्मेदार उलेमाओं से एक मंच पर बैठकर बातचीत करने और आपसी सहमति से समाधान निकालने की अपील की है। उनका कहना है कि धार्मिक मतभेदों को सामाजिक तनाव और आपसी दूरी की वजह नहीं बनने देना चाहिए।

शनिवार को किशनगंज शहर के उत्तर पल्ली स्थित एक निजी विद्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें राजद नेता और ठाकुरगंज के पूर्व प्रमुख मुश्ताक आलम, डॉ. नूर आलम तथा जिला परिषद सदस्य मौलाना मुफ्ती अतहर जावेद ने अपनी बात रखी। वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक और वैचारिक मतभेदों को लेकर पैदा हुई मौजूदा स्थिति चिंताजनक है। इसका असर सीमांचल की सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे पर पड़ सकता है। ऐसे में दोनों मस्लकों के जिम्मेदार धार्मिक विद्वानों को आगे आकर बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने उलेमाओं से सकारात्मक भूमिका निभाने और आम लोगों के बीच अमन, शांति तथा सहिष्णुता का संदेश पहुंचाने की अपील की।

एक निकाह से शुरू हुआ था देवबंदी-बरेलवी विवाद

गौरतलब है कि किशनगंज के पोठिया प्रखंड स्थित अर्राबाड़ी में एक अंतर-मसलक निकाह के दौरान विवाद सामने आया था। आरोप है कि निकाह की मजलिस में दुल्हन के सामने देवबंदी विचारधारा छोड़ने और कुछ धर्मगुरुओं को काफिर कहने की कथित शर्त रखी गई थी। दुल्हन ने इस शर्त को स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद निकाह नहीं हो सका।

घटना से जुड़े वीडियो और बयान सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद दोनों मस्लकों के बीच बहस तेज हो गई। इसके बाद उलेमाओं के बीच मुनाजरे की चुनौती और धार्मिक सवाल-जवाब का मामला भी सामने आया। इस घटनाक्रम ने स्थानीय विवाद को व्यापक धार्मिक बहस का विषय बना दिया।

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने की अपील

विवाद को शांत करने के लिए तंजीम-ए-उलेमा काउंसिल इस्लामपुर, तंजीम-ए-उलेमा-ए-हक किशनगंज और दोनों मस्लकों के सम्मानित उलेमाओं व जिम्मेदार लोगों के नाम एक अपील भी जारी की गई है। इसमें धार्मिक बहस, मुबाहिसे और विवादित कार्यक्रमों से बचने का आग्रह किया गया है। साथ ही किसी भी मस्लक की भावनाओं को आहत करने वाली तस्वीर, वीडियो, पोस्ट या आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर साझा अथवा वायरल नहीं करने की अपील की गई है। इस अपील के प्रस्तुतकर्ताओं में जिला परिषद सदस्य अफजल अख्तर जावेद, ठाकुरगंज के पूर्व प्रमुख मुश्ताक आलम और सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद शहबाज उर्फ पप्पू शामिल हैं।

मस्लकी मतभेद से ऊपर इंसानियत और भाईचारा

अपील में कहा गया है कि धार्मिक और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन इंसानियत, प्रेम, सम्मान और भाईचारा हर हाल में सर्वोपरि रहना चाहिए। उलेमाओं से अपने धार्मिक ज्ञान और सामाजिक प्रभाव का इस्तेमाल लोगों के बीच शांति और सहिष्णुता का संदेश देने के लिए करने का आग्रह किया गया है। युवाओं से भी अपील की गई है कि वे भावनाओं में बहकर किसी विवादित गतिविधि में शामिल न हों और बुजुर्गों तथा उलेमाओं का सम्मान बनाए रखें।

गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखने पर जोर

वक्ताओं ने कहा कि सीमांचल की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे से रही है। इस पहचान को बनाए रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य किसी एक मस्लक का समर्थन या विरोध करना नहीं, बल्कि दोनों के बीच संवाद और आपसी सम्मान का रास्ता मजबूत करना है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि दोनों पक्षों के जिम्मेदार उलेमा बातचीत की इस अपील पर क्या रुख अपनाते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X