रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:’सुप्रीम कोर्ट का फैसला विनम्रता से स्वीकार, पर साजिश के तहत फंसाया गया’; पैतृक गांव में बोले आनंद मोहन – Anand Mohan Accepts Sc Verdict Alleges Conspiracy In Saharsa Bihar News Anand Mohan Accepts Sc
कोसी

बिहार:’सुप्रीम कोर्ट का फैसला विनम्रता से स्वीकार, पर साजिश के तहत फंसाया गया’; पैतृक गांव में बोले आनंद मोहन – Anand Mohan Accepts Sc Verdict Alleges Conspiracy In Saharsa Bihar News Anand Mohan Accepts Sc

November 27, 2026


सुप्रीम कोर्ट द्वारा समयपूर्व रिहाई का आदेश रद्द किए जाने के बाद पूर्व सांसद आनंद मोहन अपने पैतृक गांव सहरसा के पचगछिया पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों और समर्थकों के साथ बैठक की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में पूरे मामले पर बिंदुवार अपना पक्ष रखा।

आनंद मोहन ने कहा कि वे न्यायपालिका और सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पूरी विनम्रता और शालीनता से स्वीकार करते हैं। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि शुरू से ही उनके पक्ष को नजरअंदाज किया गया और वे एक सोची-समझी साजिश के शिकार हुए हैं।

12.5 मिनट में 67 किमी की दूरी कैसे संभव?

पूर्व सांसद ने घटना और गिरफ्तारी के समय को लेकर पुलिस की थ्योरी पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर में घटनास्थल से संबंधित प्राथमिकी में घटना का समय दोपहर 3:15 या 3:30 बजे दर्ज है। वहीं, हाजीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर तत्कालीन डीएम यूपी सिंह और प्रभारी एसपी द्वारा उनकी गिरफ्तारी का समय 3:28:30 बजे दिखाया गया है। दोनों समयों के बीच महज 12.5 मिनट का अंतर है। उस दौर की जर्जर सड़कों पर 67 किलोमीटर की दूरी सवा 12 मिनट में तय करना असंभव था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हेलीकॉप्टर से भी टेकऑफ और लैंडिंग का समय मिलाकर इतनी कम अवधि में यह दूरी तय नहीं की जा सकती। ऐसे में या तो मुजफ्फरपुर के अधिकारी गलत हैं या फिर हाजीपुर में गिरफ्तारी दिखाने वाले अधिकारी।

सबूत, गवाह और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर उठाए सवाल

आनंद मोहन ने कहा कि बाबरी मस्जिद मामले में भी अदालत ने ऑडियो अस्पष्ट और वीडियो धुंधला होने पर लोगों को बरी किया था, जबकि उनके मामले में न कोई ऑडियो था, न वीडियो, न प्रत्यक्षदर्शी और न ही कोई स्वतंत्र सार्वजनिक गवाह। उन्होंने जांच पर कई सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में 16 सार्वजनिक गवाह थे, लेकिन घटनास्थल के आसपास के किसी भी प्रत्यक्षदर्शी को पेश नहीं किया गया। तत्कालीन डीएम के बॉडीगार्ड और ड्राइवर ने भी केवल गोपालगंज में भाषण देने या अखबारों में देखने की बात कही, घटनास्थल पर मौजूदगी की नहीं। जो गवाह पेश किए गए, वे भी अपने बयानों से मुकर गए।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक एफआईआर में गोली चलने का जिक्र नहीं था। बाद में कई पन्नों की टाइप की हुई एफआईआर में इसे जोड़ा गया। यदि दोनों तरफ कनपटी पर तीन गोलियां मारी गईं, तो मेडिकल साइंस के अनुसार व्यक्ति तीन सेकंड भी जीवित नहीं रह सकता। ऐसे में करीब डेढ़ घंटे तक किसका इलाज चला?

उन्होंने आगे कहा कि बेडहेड टिकट की जांच नहीं कराए जाने और पंजाब के फोटोग्राफर मिस्टर टांगरी को पेश नहीं किए जाने पर भी सवाल उठते हैं। 36 में से 29 लोग पहले ही बरी हो गए और मुख्य सजायाफ्ता भी छूट गए। भीड़ और हमला करने वालों को छोड़कर केवल भाषण देने के आरोप में उन्हें दोषी ठहराया गया। यह कहां तक सही है? उन्होंने कहा कि अकेले उनकी रिहाई रद्द करना न्यायसंगत नहीं है।

जेल मैनुअल में 2023 के संशोधन पर बात करते हुए आनंद मोहन ने कहा कि वे आजीवन कारावास की 14 साल की तय अवधि से अधिक, यानी सवा 16 साल जेल काटकर बाहर आए थे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या के मामले में परिहार नहीं मिलने का प्रावधान केवल बिहार में था। सुप्रीम कोर्ट के पुराने निर्देशों के अनुरूप सजा में एकरूपता लाने के लिए यह संशोधन किया गया था। इस नीतिगत बदलाव से उनके साथ 36 लोग रिहा हुए थे, जिनमें उनका 11वां स्थान था। अब तक करीब 3,500 कैदी इसका लाभ ले चुके हैं। ऐसे में सिर्फ एक व्यक्ति की रिहाई रद्द कर उसे वापस जेल भेजना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व के अदालती फैसलों में भी इस घटना को पूर्व नियोजित नहीं, बल्कि एक आकस्मिक घटना माना गया है, जिसमें डीएम भीड़ के त्वरित आक्रोश की चपेट में आ गए थे।

भावुक हुए पूर्व सांसद, बोले- जनता के सामने रखेंगे कानूनी पहलू

आनंद मोहन ने भावुक होते हुए कहा कि 90 के दशक में भी उनकी बढ़ती लोकप्रियता विरोधियों को खटकती थी और जेल से बाहर आने के बाद भी वही स्थिति बनी रही। लोगों को लगा कि 70 साल की उम्र में सवा 16 साल जेल काटने के बाद भी यह व्यक्ति इतना स्वस्थ कैसे है, बोल और चल कैसे रहा है। इसी वजह से बिना उनका पक्ष सुने एकतरफा फैसले आए।

उन्होंने कहा कि वे विधानसभा और लोकसभा, दोनों के सदस्य रह चुके हैं तथा संविधान के तीनों अंगों- विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका की मर्यादा समझते हैं। कानून बनाना विधायिका का काम है और न्यायपालिका उसकी समीक्षा करती है, लेकिन किसी एक व्यक्ति को लक्षित कर न्याय की मूल भावना की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे अपने कानूनी विकल्पों के साथ अदालत के आदेश के कानूनी पहलुओं को भी जनता के सामने रखेंगे।

अपने पैतृक गांव में आनंद मोहन

अपने पैतृक गांव में आनंद मोहन

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X