Roorkee News:गन्ने की ढुलाई शुरू होने से किसानों ने ली राहत की सांस – Farmers Breathe A Sigh Of Relief As Sugarcane Transportation Begins
तीन तौल केंद्रों से उठान शुरू तौल केंद्रों पर जमा हो रहा था कई दिनों का गन्ना, सूखने लगी थी किसानों की फसल
29 अक्तूबर से शुरू हुई थी गन्ने की खरीद, लोडिंग में देरी से तुलाई प्रभावित होने पर किसान कर रहे थे उठान की मांग
झबरेड़ा। इकबालपुर क्षेत्र में गन्ना तौल केंद्रों से शुगर मिलों के लिए गन्ने की ढुलाई शुरू होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। पिछले कई दिनों से तौल केंद्रों पर गन्ने का उठान नहीं होने के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शनिवार को मिल प्रबंधन ने क्षेत्र के तीन तौल केंद्रों से गन्ने की ढुलाई शुरू करवा दी। इकबालपुर शुगर मिल क्षेत्र में लिब्बरहेड़ी और लक्सर शुगर मिलों के कई तौल केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर 29 अक्तूबर से गन्ने की खरीद शुरू हो गई थी। किसान लगातार अपना गन्ना तौल केंद्रों पर पहुंचा रहे थे, लेकिन वहां से मिलों तक गन्ने की ढुलाई नहीं हो पा रही थी। इसके चलते केंद्रों पर गन्ने का ढेर लग गया था और किसानों को नई तुलाई कराने में दिक्कतें आने लगी थी। स्थिति यह थी कि कुछ तौल केंद्रों पर सप्ताहभर पहले खरीदा गया गन्ना भी पड़ा हुआ था, जो सूखने लगा था। इससे किसानों को फसल खराब होने और खेत खाली नहीं होने की चिंता सता रही थी। किसान पिछले कई दिनों से गन्ने का उठान कराने की मांग कर रहे थे। किसानों की समस्या को देखते हुए शनिवार को मिल प्रबंधन ने तीन तौल केंद्रों से गन्ने की ढुलाई शुरू कराई। लिब्बरहेड़ी शुगर मिल के गन्ना प्रबंधक पवन ढींगरा ने बताया कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराया जाएगा।
