हाल के दिनों में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों को धमकियां मिली हैं। इन हस्तियों में सैफ अली खान, अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन शामिल हैं। इस बीच ‘ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ (AICWA) ने इन हस्तियों के लिए कड़ी सुरक्षा की मांग की है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे एक पत्र में, एसोसिएशन ने फिल्म हस्तियों, शूटिंग लोकेशन्स और सार्वजनिक कार्यक्रमों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है।
बॉलीवुड में पैदा हुआ डर का माहौल
AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता की तरफ से भेजे गए इस पत्र का संदर्भ सैफ अली खान को मिली कथित धमकी से जुड़ा है, जिसमें उनसे कहा गया था कि उनका अंजाम भी ‘बाबा सिद्दीकी जैसा’ होगा। एसोसिएशन ने अक्तूबर में जुहू में टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना का भी जिक्र किया और कहा कि ऐसी घटनाओं ने पूरे बॉलीवुड में डर का माहौल पैदा कर दिया है।