बूंदी:जमीन के झगड़े ने ली दो भाइयों की जान, काका-भतीजों के विवाद में खूनी खेल, एक के बाद एक बुझ गए घर के दो च – Land Dispute Turns Deadly: Two Brothers Killed In Family Clash In Bundi
जमीन का एक टुकड़ा… परिवार के बीच पुराना विवाद और फिर ऐसा खूनी संघर्ष कि एक ही घर के दो चिराग हमेशा के लिए बुझ गए। जिस परिवार में कभी साथ बैठकर खुशियां बांटीं जाती थीं, वहां अब दो भाइयों की मौत के बाद चीख-पुकार मची है। देईखेड़ा थाना क्षेत्र के गोहाटा गांव में जमीन को लेकर हुआ विवाद डबल मर्डर में बदल गया। धारदार हथियारों से हुए हमले में घायल छोटे भाई हरिप्रसाद की गुरुवार शाम मौत हो गई थी। वहीं जिंदगी की जंग लड़ रहे बड़े भाई रामप्रसाद ने भी शुक्रवार शाम को कोटा के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो सगे भाइयों की मौत की खबर से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मेगा हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया गया।
खेत में शुरू हुआ विवाद, हथियारों से किया हमला
पुलिस के अनुसार गोहाटा गांव में गुरुवार शाम जमीन को लेकर परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि काका रामकंवर मीणा ने अपने बेटे बबलू के साथ मिलकर अपने भतीजों हरिप्रसाद और रामप्रसाद पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए कोटा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छोटे भाई हरिप्रसाद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गुरुवार शाम उसकी मौत हो गई।
छोटे भाई के बाद बड़े ने भी तोड़ा दम
हरिप्रसाद की मौत के बाद परिवार को उम्मीद थी कि गंभीर घायल रामप्रसाद की जान बच जाएगी। परिजन अस्पताल में उसकी सलामती की दुआ कर रहे थे। रामप्रसाद का कोटा के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन शुक्रवार शाम उसकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार के दो भाइयों की मौत ने परिजनों को पूरी तरह तोड़ दिया। घर में एक साथ दो अर्थियां उठने की खबर से गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो मौतों के बाद सड़क पर उतरा गुस्सा
लगातार दो मौतों के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजन और ग्रामीण शव लेकर मेगा हाईवे पर पहुंचे और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि दोनों भाइयों की मौत के जिम्मेदार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। चक्काजाम के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे प्रदर्शन समाप्त नहीं करेंगे।
पुलिस की टीमें तलाश में जुटीं, अधिकारी पहुंचे मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। मुख्य आरोपी बताए जा रहे रामकंवर मीणा और उसके बेटे बबलू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उधर, हाईवे पर प्रदर्शन की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत, लाखेरी उपखंड अधिकारी और विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर समझाइश की तथा चक्काजाम समाप्त करने की अपील की। फिलहाल इस वारदात ने पूरे इलाके में जमीन विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पारिवारिक विवाद में दो भाइयों की जान चली गई और पीछे छूट गया रोता-बिलखता परिवार। पुलिस के सामने अब आरोपियों को गिरफ्तार करने और मामले की जांच पूरी करने की चुनौती है।
