दूसरे में पंजाब ने हिमाचल को पांच विकेट से दी मात
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लुहणू क्रिकेट मैदान में शुक्रवार से हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और पंजाब के बीच अभ्यास मैचों की शृंखला शुरू हुई। पहले दिन खेले गए पहले मुकाबले में हिमाचल ने जम्मू-कश्मीर को छह विकेट से हराया। वहीं दूसरे मुकाबले में पंजाब ने हिमाचल को पांच विकेट से मात दी।
पहले मुकाबले में धुंध के कारण टॉस में देरी हुई, जिस कारण मैच 15-15 ओवर का खेला गया। जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। जम्मू-कश्मीर की शुरुआत खराब रही और ओपनर बल्लेबाज कामाक्ष एक और आर्या ठाकुर दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद क्रीज पर आए उधय प्रताप ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 71 रन की पारी खेली। इसके अलावा अर्नव ने नाबाद 28 रन का योगदान दिया। निर्धारित 15 ओवर में टीम ने 135 रन बनाए। हिमाचल की ओर से साहिल शर्मा ने चार विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल की टीम ने 11.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। हिमाचल की ओर से सागर मल्हान ने 20 गेंदों पर 46 रन की पारी खेली। इसके अलावा अर्जुन और कबीर ने 24-24 रन का योगदान दिया। दूसरे मुकाबले में हिमाचल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। हिमाचल की ओर से अभिनव शर्मा ने 69 रन की पारी खेली। इसके अलावा कबीर ने 19, अतुल ने 12 और अक्षय ने दस रन का योगदान दिया। हिमाचल की टीम 18.5 ओवर में 138 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। पंजाब की ओर से गुरशरण और राहुल ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब टीम की शुरुआत भी खराब रही। हालांकि कप्तान मयंक गुप्ता ने एक छोर संभाले रखा और अंतिम बॉल पर चौका मारकर टीम को जीत दिलाई। पंजाब ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया।