चंपावत। जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने में जिला सेवायोजन कार्यालय अहम भूमिका निभा रहा है। कार्यालय के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में 431 युवाओं को रोजगार दिलाया गया है।
जिला सेवायोजन कार्यालय में प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी समेत कुल नौ कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें पांच स्थायी और चार उपनल कर्मचारी शामिल हैं। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी शंकर बोहरा ने बताया कि सीमित स्टाफ के बावजूद कार्यालय की ओर से जिले में रोजगार संबंधी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक सेवायोजन कार्यालय के माध्यम से 431 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।
रोजगार के लिए कार्यालय में पंजीकरण कराने वाले युवाओं को समय-समय पर विभिन्न कंपनियों और संस्थानों में उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी दी जाती है। इससे युवाओं को अपनी शैक्षिक योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कार्यालय को अलग-अलग मदों में कुल 4 लाख 73 हजार रुपये का बजट आवंटित हुआ। इस बजट से कार्यालय की दैनिक गतिविधियों और रोजगार संबंधी कार्यों का संचालन किया जा रहा है।