Balrampur News:दो मिनट बजेगा चेतावनी सायरन, तीन मिनट रहेगा ब्लैकआउट – The Warning Siren Will Sound For Two Minutes; There Will Be A Three-minute Blackout
बलरामपुर। हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा और बचाव के उपायों को परखने के लिए रविवार को भगौतीगंज चौराहे पर ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके तहत शाम छह बजे दो मिनट तक चेतावनी सायरन बजेगा। इसके बाद तीन मिनट के लिए ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान बिजली आपूर्ति बंद रखने के साथ आग बुझाने, मलबे में फंसे लोगों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया जाएगा।
मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को प्रभारी जिलाधिकारी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पुलिस, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं। प्रभारी डीएम ने सिविल डिफेंस वार्डन और स्वयंसेवकों के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (डीईआरटी) को सक्रिय रखते हुए सभी सदस्यों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप आपसी समन्वय से काम करने को कहा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 5:50 से 5:55 बजे तक स्वयंसेवक लोगों को मॉक ड्रिल के लिए तैयार करेंगे। शाम 5:55 बजे पीला और 5:58 बजे लाल संकेत दिया जाएगा। छह बजे यातायात नियंत्रण के साथ चेतावनी सायरन बजेगा। इसके बाद 6:02 से 6:05 बजे तक ब्लैकआउट और बिजली आपूर्ति बंद रखने का अभ्यास होगा। इसी दौरान विस्फोट जैसी आवाज के माध्यम से आपात स्थिति का दृश्य तैयार किया जाएगा।
शाम 6:05 से 6:07 बजे तक ऑल क्लियर सायरन बजेगा। इसके बाद आग बुझाने, प्राथमिक उपचार और खोज एवं बचाव अभियान का अभ्यास किया जाएगा। भवन में फंसे लोगों को बाहर निकालने और गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाने का भी अभ्यास होगा। बचाव अभियान शाम 6:30 बजे तक चलेगा।
नागरिक सुरक्षा विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि 22 नवंबर को शाम छह बजे से अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें। इस दौरान इन्वर्टर, टॉर्च और मोबाइल की फ्लैशलाइट का भी इस्तेमाल न करें। घरों से बाहर रोशनी न निकले, इसके लिए खिड़की और दरवाजों को काले कपड़े या कागज से ढकने की सलाह दी गई है। मॉक ड्रिल के दौरान लोगों से घरों के अंदर रहने, भीड़ न लगाने और स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं प्रभारी अधिकारी नागरिक सुरक्षा शिव नारायण सिंह, सीओ सदर अभिषेक सिंह, एसडीएम सदर मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
