रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बस्ती

Basti News:पुष्पवर्षा के बीच श्रीराम का हुआ राज्याभिषेक – Lord Rama S Coronation Took Place Amidst A Shower Of Flowers

November 21, 2026


बस्ती। सनातन धर्म संस्था की ओर से आयोजित दस दिवसीय श्रीरामलीला महोत्सव का समापन भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक और रामराज्य की स्थापना के साथ हुआ। अंतिम दिन बाल कलाकारों ने श्रीराम की अयोध्या वापसी, भरत मिलाप, राज्याभिषेक और पुरजन-उपदेश की लीला का भावपूर्ण मंचन किया। भरत मिलाप के दृश्य ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं, जबकि राज्याभिषेक के दौरान जय श्रीराम के उद्घोष और पुष्पवर्षा से पूरा परिसर गूंज उठा।

लीला का शुभारंभ लंका विजय के बाद विभीषण को राज्य सौंपने और माता सीता को वापस लाने के प्रसंग से हुआ। हनुमान जी ने अयोध्या पहुंचकर भरत को प्रभु श्रीराम के लौटने का संदेश दिया। चौदह वर्ष बाद श्रीराम और भरत के मिलन का दृश्य बेहद भावुक रहा। इसके बाद भगवान श्रीराम का माता कौशल्या, कैकेयी और सुमित्रा सहित परिवार के सदस्यों से मिलन हुआ।

इसके बाद विधि-विधान से भगवान श्रीराम और माता सीता का राज्याभिषेक किया गया। श्रीराम दरबार की भव्य झांकी, दीपों की सजावट और भक्तिमय भजनों ने वातावरण को अयोध्यामय बना दिया। प्रभु के सिंहासन पर विराजमान होते ही श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की। आतिशबाजी और अबीर-गुलाल के बीच श्रद्धालुओं को भी प्रभु का तिलक करने का अवसर मिला। पुरजन-उपदेश के माध्यम से श्रीराम ने आदर्श शासन, धर्म, सदाचार, कर्तव्य और लोककल्याण का संदेश दिया। संस्था की इस रामलीला की खासियत है कि इसमें करीब 20 विद्यालयों के 600 से अधिक बाल कलाकार भाग लेते हैं। इसके लिए बच्चे लगभग तीन महीने तक अभ्यास करते हैं। संस्था के कर्नल केसी मिश्र, डॉ. शैलेश सिंह और श्याम चंद्र चौधरी, सुरेंद्र प्रताप सिंह, राहुल सिंह, अपर्णा सिंह, आदित्य नाथ पांडेय, हरीश त्रिपाठी, अर्पित गौड़, कंचन माला त्रिपाठी, सूर्या उपाध्याय, सुमित धर द्विवेदी, तन्मय पांडेय, रुचि, आर्यन गुप्ता, बबलू मेंहदी, अंकुर यादव, विनीत पांडेय, अर्पिता सिंह, मधु सिंह, शशि पांडेय, पूजा जायसवाल, कशिश, जिप्पी शुक्ला, राजमणि वर्मा, स्नेहलता, उजमा, अंकिता, पंकज त्रिपाठी और अनुराग शुक्ल मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X