रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पुंछ

Poonch News:पुंछ में नियंत्रण रेखा से पकड़ा गया पाकिस्तानी घुसपैठिया पुलिस के हवाले – Pakistani Infiltrator Apprehended Near The Line Of Control In Poonch Handed Over To Police

November 29, 2026


कड़ी सुरक्षा और काले नकाब में जिला अस्पताल में कराई गई स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक पूछताछ में पारिवारिक कलह का किया दावा

संवाद न्यूज एजेंसी

पुंछ। जिले में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर शनिवार देर शाम भारतीय सेना की ओर से दबोचे गए पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद जमील को रविवार को पुंछ पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस को सौंपने से पहले सेना के जवान कड़ी सुरक्षा के बीच उसे काले नकाब में नगर स्थित राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

गौरतलब है कि शनिवार देर शाम पुंछ जिले के चक्कां दा बाग सेक्टर स्थित करमाड़ा क्षेत्र के रंगड़ नाला इलाके में तैनात सेना की सरला बटालियन के सतर्क जवानों ने पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर) की ओर से भारतीय सीमा में घुसपैठ करते हुए इस संदिग्ध को पकड़ा था। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मोहम्मद जमील पुत्र गुलाम हुसैन निवासी अब्बासपुर (पीओके) के रूप में हुई है।

सेना ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद रविवार दोपहर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम ने करीब आधे घंटे तक उसकी बारीकी से स्वास्थ्य जांच की। इसके बाद सेना ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे पुंछ पुलिस थाने में सौंप दिया।

जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

अधिकारियों के अनुसार, अब पुलिस और अन्य सुरक्षा व खुफिया एजेंसियां उससे संयुक्त रूप से गहन पूछताछ करेंगी। यदि जांच में वह निर्दोष या अनजाने में सीमा पार करने वाला पाया जाता है, तो मानवीय आधार पर उसे वापस उसके वतन भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं, किसी नापाक मंसूबे या जानबूझकर घुसपैठ करने की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्राथमिक पूछताछ में बताया पारिवारिक विवाद

सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक ने दावा किया है कि उसकी पत्नी ने आठ महीने पहले उसे छोड़ दिया था। इसके बाद वह अपने दो भाइयों के साथ रह रहा था, जिनमें से एक पाकिस्तानी सेना से सेवानिवृत्त है। उसका कहना है कि दोनों भाई उसे लगातार प्रताड़ित करते थे, जिससे तंग आकर वह घर से भागकर इस ओर आ गया। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां उसके इस बयान की सत्यता की जांच कर रही हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X