Kathua News:देवो चक में मिला मोर्टार शेल, बीडीएस ने किया निष्क्रिय – Jammu And Kashmir News
हीरानगर। सीमावर्ती गांव देवो चक के एक खेत में शनिवार को मिला जंग लगा मोर्टार शेल रविवार को बीडीएस (बम निरोधक दस्ते) की टीम ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। रविवार दोपहर करीब 12:17 बजे कठुआ से पहुंची बीडीएस टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत मोर्टार शेल को निष्क्रिय किया। इस दौरान पुलिस पोस्ट मढ़ीन के प्रभारी भी मौके पर मौजूद रहे।
गौरतलब है कि शनिवार शाम खेत में जुताई के दौरान मोर्टार शेल दिखाई देने पर खेत मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस पोस्ट मढ़ीन की टीम मौके पर पहुंची और शेल के सटीक स्थान की पहचान कर उसे चिह्नित किया। साथ ही एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी। पुलिस की ओर से कठुआ बीडीएस टीम को भी इसकी सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया था, लेकिन देर शाम होने के कारण टीम शनिवार को मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद रविवार को बीडीएस टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्टार शेल को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। इससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।
