Srinagar News:बटवारा स्पोर्ट्स क्लब बना सीआरपीएफ टी-20 क्रिकेट कप-4 का चैंपियन – Srinagar, Batwara Sports Club, Champion Of Crpf T-20 Cricket Cup-4
– ओवैस शाह की आतिशी अर्धशतकीय पारी ने दिलाई खिताबी जीत, थंडर स्ट्राइकर्स जेवन को हराया
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। घाटी के युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित सीआरपीएफ टी20 क्रिकेट कप 2026 (चौथा संस्करण) शनिवार को शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम श्रीनगर में संपन्न हो गया। छह दिनों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट के ग्रैंड फिनाले में बटवारा स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थंडर स्ट्राइकर्स जेवन को हराकर चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बटवारा स्पोर्ट्स क्लब ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 168 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से ओवैस शाह ने महज 25 गेंदों में 61 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी थंडर स्ट्राइकर्स जेवन की टीम अनुशासित गेंदबाजी के सामने आवश्यक रन गति बनाए रखने में विफल रही और 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 138 रन ही बना सकी।
गेंदबाजी में भी एक विकेट चटकाने वाले ओवैस शाह को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द टूर्नामेंट दोनों खिताबों से नवाजा गया। इसके अलावा, पूरे टूर्नामेंट में निरंतर शानदार बल्लेबाजी करने वाले समीर इलेवन चाडूरा के समर अमीन को बेस्ट बैट्समैन और बटवारा स्पोर्ट्स क्लब के जाहिद नबी को बेस्ट बॉलर चुना गया। चैंपियन टीम बटवारा स्पोर्ट्स क्लब को 2,00,000 रुपये और उपविजेता थंडर स्ट्राइकर्स जेवन को 1,75,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
समापन समारोह में सीआरपीएफ श्रीनगर सेक्टर के महानिरीक्षक पवन कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन, कश्मीर विश्वविद्यालय और स्थानीय सहयोगी संगठनों के अधिकारी भी मौजूद थे।
खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आईजी पवन कुमार शर्मा ने कहा, इस संस्करण के लिए 130 टीमों का पंजीकरण यह साबित करता है कि कश्मीर के युवाओं में खेल और उत्कृष्टता के प्रति अद्वितीय जुनून है। क्रिकेट हमें लचीलापन, टीम वर्क और आपसी सम्मान सिखाता है। सीआरपीएफ जम्मू-कश्मीर के युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने और ऐसे मंच तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां उनकी प्रतिभा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक सके। अंत में उन्होंने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों और प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया।
