Sitapur News:शिक्षक न होने से प्रयोगशाला शोपीस, बिना अभ्यास परीक्षा देंगे विद्यार्थी – In The Absence Of A Teacher, The Laboratory Has Become A Mere Showpiece; Students Will Have To Take Their Exams Without Having Had Any Practical Training
रामपुर मथुरा। यूपी बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं जनवरी से शुरू होने जा रही हैं लेकिन राजकीय इंटर कॉलेजों में शिक्षकों की कमी की वजह से विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक तैयारी प्रभावित हो रही है। रामपुर मथुरा क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज बांसुरा में प्रयोगशाला में उपकरण तो उपलब्ध हैं, लेकिन विषय अध्यापकों के अभाव में पूरे शैक्षिक सत्र के दौरान विद्यार्थियों को पर्याप्त प्रयोगात्मक अभ्यास नहीं कराया जा सका। ऐसे में विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को बिना पर्याप्त अभ्यास के ही बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होना पड़ सकता है।
प्रयोगशालाओं में रखे कई उपकरणों पर धूल जमी हुई है। रसायन विज्ञान की प्रयोगशाला में कुछ उपकरण और रसायन (लिक्विड) खराब मिले। वहीं, कुछ स्थानों पर मकड़ी के जाले भी दिखाई दिए। नई सामग्री उपलब्ध होने के बावजूद उसका नियमित रूप से प्रयोगात्मक कार्य में इस्तेमाल नहीं हो रहा है। हालांकि प्रयोगशाला की साफ-सफाई और उपकरणों की उपलब्धता की स्थिति अपेक्षाकृत ठीक बताई गई। प्रधानाचार्य अशोक कुमार यादव ने बताया कि कॉलेज में कक्षा 6 से 12 तक कुल 1704 छात्र छात्राएं पंजीकृत हैं। कक्षा 10 में 252, कक्षा 12 कला वर्ग में 101 व विज्ञान वर्ग में 80 छात्र छात्राएं अध्ययनरत है। विद्यालय में प्रवक्ता शिक्षक तैनात नहीं है। हाईस्कूल स्तर तक एक जीवविज्ञान, तीन सामाजिक विज्ञान व एक उर्दू विषय के शिक्षक की तैनाती है। शिक्षक न होने से पढ़ाई का कार्य प्रभावित होता है। बावजूद इसके करीब 70 फीसदी पाठ्यक्रम पूर्ण कराया गया है।
विद्यालय में शिक्षकों की कमी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हाईस्कूल स्तर पर सामाजिक विज्ञान के तीन और उर्दू विषय का एक शिक्षक तैनात है। इंटरमीडिएट स्तर पर एक भी प्रवक्ता की तैनाती नहीं है। शिक्षक अभिभावक संघ के माध्यम से नियुक्ति शिक्षकों के जरिये शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। जबकि इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में करीब 50 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विषय विशेषज्ञों के अभाव में इन विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रयोगात्मक तैयारी प्रभावित हो रही है।
केवल एक दिन हुआ अभ्यास
छात्र सचिन, संचिता, कुलदीप और नंदलाल ने बताया कि प्रायोगिक परीक्षाओं को देखते हुए अब तक केवल एक दिन ही प्रयोगात्मक अभ्यास कराया गया है। अभी पाठ्यक्रम भी पूरा नहीं हो पाया है। बोर्ड परीक्षाओं की तिथियां जल्द घोषित होने से पाठ्यक्रम पूरा करने में भी परेशानी आ रही है। ऐसे में हम लोग परेशान है, जब प्रयोग नहीं किए है तो परीक्षा का कैसे मुकाबला करेंगे।
लिखा जा चुका है पत्र
कॉलेजों में शिक्षकों की कमी को लेकर शासन को पत्र लिखा जा चुका है। जब तक तैनाती नहीं होती है, तब तक शिक्षक अभिभावक संघ के माध्यम से नियुक्ति शिक्षकों के जरिये पढ़ाई करवाई जा रही है।
राजेंद्र सिंह, डीआईओएस
