Rudraprayag News:स्कूल वैन में मिली खामी, परिवहन विभाग ने किया चालान – Defect Found In School Van; Transport Department Issues A Challan
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर शनिवार को जनपद मुख्यालय के दो विद्यालयों के वाहनों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। मां गोविन्द गिरि सरस्वती इंटर कॉलेज, बेलणी की एक स्कूल वैन में सुरक्षा मानकों की कमी मिलने पर परिवहन विभाग ने चालान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज पायल सिंह के नेतृत्व में परिवहन और यातायात पुलिस की टीम ने श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, तिलणी और मां गोविन्द गिरि सरस्वती इंटर कॉलेज, बेलणी के वाहनों की जांच की। इस दौरान प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशमन यंत्र, लाइट, सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति देखी गई। वाहनों के दस्तावेज और तकनीकी स्थिति की भी जांच की गई। टीम ने विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए। सचिव पायल सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों और अभिभावकों को जिम्मेदारी निभानी होगी। वाहन चालकों को यातायात नियमों और निर्धारित गति सीमा का पालन करना चाहिए। निरीक्षण टीम में आरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट और यातायात निरीक्षक कैलाश चंद्र शर्मा सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
