मधुबन तहसील क्षेत्र में सिंचाई विभाग की ओर से सरफोरा और सिकड़ीकोल माइनर की सफाई शुरू कराने से किसानों को खेतों तक पानी पहुंचने की उम्मीद जगी है। इन दोनों माइनरों से एक हजार एकड़ से अधिक कृषि योग्य भूमि की सिंचाई होती है। लंबे समय से माइनरों में खरपतवार और झाड़ियां उगने से पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा था। अब विभाग की ओर से करीब आठ किलोमीटर लंबी माइनर की सफाई कराई जा रही है। किसान अंकित कुमार, प्रवीण प्रसाद, सुधाकर और सुदामा यादव का कहना है कि सफाई पूरी होने के बाद पानी का प्रवाह बेहतर होगा। इससे माइनर के टेल तक पानी पहुंचने और खेतों के अंतिम छोर तक सिंचाई की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सिंचाई विभाग के अवर अभियंता नवनीत कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में सफाई कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब आठ किलोमीटर लंबी माइनर की सफाई कराई जा रही है। कार्य अभी जारी है और इसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।