नियति का ये कैसा क्रूर इम्तिहान :पिता के अचानक निधन के बाद मोर्चरी में रखा शव, निभाई शादी की रस्म – Udaipur Father Dies During Daughter Wedding Body Kept In Mortuary Seven Pheras

मृतक शंकरलाल मेघवाल
– फोटो : bihar
November 22, 2026

मृतक शंकरलाल मेघवाल
– फोटो : bihar
उदयपुर जिले के ऋषभदेव उपखंड क्षेत्र में एक बेटी की शादी की खुशियों के बीच पिता के अचानक निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पटियार (भूधर) गांव में बेटी प्रियंका के विवाह समारोह के दौरान पिता शंकरलाल मेघवाल की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने इस कठिन परिस्थिति में धैर्य का परिचय दिया और पिता के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर सादगी के साथ शादी कराई। इसके बाद अगले दिन पिता का अंतिम संस्कार किया गया।
खुशी के माहौल में अचानक पसरा सन्नाटा
ग्राम पटियार निवासी दिवंगत शंकरलाल अपनी पुत्री प्रियंका के विवाह की तैयारियों में उत्साह के साथ जुटे हुए थे। घर में मंडप सजा हुआ था और सभी पारंपरिक रस्में खुशी-खुशी निभाई जा रही थीं। शाम को बड़ी धूमधाम के साथ बेटी की बिंदोली निकाली गई, जिसमें पिता शंकरलाल भी परिजनों और ग्रामीणों के साथ नाचते-गाते हुए शामिल हुए। हालांकि, बिंदोली खत्म होने के करीब एक घंटे बाद ही शंकरलाल अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोर्चरी में रखा शव और निभाई शादी की रस्म
जिस घर से बेटी की डोली उठनी थी, वहां अचानक पिता के निधन से मातम छा गया। विपरीत समय में परिजनों ने आपसी सहमति से कठिन परंतु व्यावहारिक निर्णय लिया। परिजनों ने शंकरलाल के पार्थिव शरीर को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। इसके बाद, उन्होंने वर पक्ष को स्थिति की जानकारी दी। सूचना मिलने पर दूल्हा अपने परिवार के पांच निकटतम सदस्यों के साथ पटियार गांव पहुंचा। इसके बाद सादगी पूर्ण माहौल में प्रियंका और दूल्हे के विवाह के फेरे करवाए गए।
नम आंखों से विदाई और अगले दिन अंतिम संस्कार
शादी की रस्में पूरी होने के तुरंत बाद प्रियंका की विदाई की रस्म भी करा दी गई। जिस आंगन में शहनाइयां और शादी के मंगल गीत गूंजने थे, वहां हर किसी की आंखें नम थीं। बेटी की नई गृहस्थी की शुरुआत के साथ ही पूरा परिवार पिता के बिछड़ने के गहरे दुख से जूझ रहा था। बेटी को विदा करने के बाद, शनिवार को परिजनों ने मोर्चरी से शव लेकर शंकरलाल का अंतिम संस्कार किया।
November 28, 2026
उदयपुर में उपप्रधान चुनाव में भी भाजपा का दबदबा, 19 में से 13 पंचायत समितियों में जीत; ओगणा में दोबारा होगा चुनाव
November 28, 2026
मेवाड़ की धर्मनगरी उदयपुर से भक्ति और आस्था का एक बड़ा कारवां नाकोड़ा जी तीर्थ की ओर रवाना होने जा रहा है। जैन श्री संघ मेवाड़ के तत्वावधान में आयोजित इस 18 दिवसीय धार्मिक पदयात्रा का शुभारंभ 29 नवंबर को होगा। यात्रा में एक हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल होकर पैदल तीर्थ दर्शन का संकल्प […]
November 27, 2026
उदयपुर जिले में पंचायत राज चुनाव के बाद अब प्रधान पद की कुर्सी के लिए राजनीतिक मुकाबला शुरू हो गया है। जिले की सभी 20 पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान चुने जा रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने बहुमत वाली समितियों में प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि तीन समितियों में निर्दलीय और बीएपी के […]
