अछल्दा (औरैया)। थाना क्षेत्र के बैसोली गांव में शनिवार को एक महिला घर के पास से निकली डीएफसी लाइन पर छोटे बेटे को देखने गई थी। इस दौरान मालगाड़ी से टूटकर गिरी लोहे की सरिया सिर में लग गई। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बैसोली गांव निवासी गीता देवी (40) पत्नी गजेंद्र सिंह शनिवार को घर के पास से निकली डीएफसी लाइन के पास खेल रहे अपने छोटे बेटे योगेंद्र को देखने गई थीं। इसी दौरान ट्रैक पर मालगाड़ी आ गई। मालगाड़ी गुजरते समय वह ट्रैक के पास खड़ी थीं। इसी दौरान मालगाड़ी से टूटकर गिरी लोहे का सरिया उनके सिर में जा लगी। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। मां को जमीन पर पड़ा और सिर से खून निकलता देख बेटे योगेंद्र ने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिजन और लोग दौड़े और उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर लौट आए और शाम को अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। मां की अचानक मौत से बच्चों और पति का रो-रोकर बुरा हाल है।

फोटो-47-मृतक के घर के बाहर लगी भीड़।संवाद