घर-घर सर्वे कर जोड़े जाएं नाम :डीएम – Conduct Door-to-door Surveys To Add Names: Dm
बाराबंकी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 शुरू हुआ है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ना है। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक हुई।
यह बैठक कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में आयोजित की गई। इसमें शनिवार को होने वाले विशेष अभियान की समीक्षा की गई। अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तरीय समितियां घर-घर जाकर सर्वे करेंगी। ये समितियां पात्र नागरिकों से प्ररूप-6 भरवाएंगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक, ग्राम रोजगार सेवक, कोटेदार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने महिला मतदाताओं और एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया। समितियों को प्रतिदिन प्राप्त प्ररूप-6 की जानकारी गूगल शीट पर देनी होगी। अभियान की निगरानी के लिए प्रत्येक 20 बूथों पर ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तैनात रहेंगे। लगभग 50 बूथों पर एक जिला स्तरीय अधिकारी पर्यवेक्षण करेंगे। जिलाधिकारी ने पर्यवेक्षणीय अधिकारियों को फील्ड में रहकर निगरानी करने के निर्देश दिए।
सीडीओ पंकज वर्मा और एडीएम निरंकार सिंह भी बैठक में उपस्थित थे। विशेष अभियान के तहत 21 एवं 22 नवंबर को बीएलओ मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर नाम जोड़ने प्ररूप-6, हटाने (प्ररूप-7) और विवरण संशोधन प्ररूप-8 के आवेदन स्वीकार करेंगे। पुनरीक्षण-2027 की यह प्रक्रिया 17 नवंबर से शुरू होकर 16 दिसंबर तक संचालित होगी।
