Hisar News:कंडक्टर लाइसेंस की राह में फर्जीवाड़े का जाल, हजारों प्रमाणपत्रों पर सवाल – A Web Of Fraud Surrounds The Process Of Obtaining Conductor Licenses Thousands Of Certificates Called Into Question
नारनौंद। सीआईए स्टाफ नारनौंद ने कंडक्टर लाइसेंस बनवाने के लिए अनिवार्य रेडक्रॉस के फर्स्ट एड प्रशिक्षण प्रमाणपत्र के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार पानीपत जिले के मतलोडा निवासी राजपाल से पांच दिन की पूछताछ में कई अहम जानकारियां हासिल कीं।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामान बरामद किया है। जांच में कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस को आशंका है कि वर्ष 2023 से चल रहे इस फर्जीवाड़े में प्रदेशभर में हजारों प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। पांच दिन का पुलिस रिमांड पूरा होने पर सीआईए टीम ने आरोपी राजपाल को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
अब पुलिस बरामद दस्तावेज के साथ बैंक खातों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि अब तक कितने फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किए गए और कितने लोगों ने इनके आधार पर कंडक्टर लाइसेंस हासिल किए।
ऐसे खुला फर्जीवाड़े का मामला
पुलिस को दी शिकायत में हांसी के गांव ढाणी पीरान निवासी सुमेर सिंह ने बताया कि कंडक्टर लाइसेंस बनवाने के लिए फर्स्ट एड ट्रेनिंग सर्टिफिकेट की जरूरत थी। ऑनलाइन सर्च के दौरान उसे सेंट जॉन एम्बुलेंस इंटरनेशनल एसोसिएशन की वेबसाइट मिली। आरोप है कि प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर उससे ऑनलाइन 2500 रुपये लिए गए। इसके बाद व्हाट्सएप पर प्रमाणपत्र भेज दिया गया। सुमेर सिंह ने जब हिसार आरटीए कार्यालय में कंडक्टर लाइसेंस के लिए दस्तावेज जमा करवाए तो अधिकारियों ने प्रमाणपत्र को फर्जी बताया। इस कारण उसका लाइसेंस जारी नहीं हुआ। सुमेर ने अनिता, कोमल, शेखर, राजपाल और डॉ. मंजीत सिंह अरोड़ा सहित अन्य लोगों पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए।
एसोसिएशन को नहीं थी प्रमाणपत्र जारी करने की अनुमति
जांच अधिकारी सीआईए नारनौंद के सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि
शिकायत की जांच के दौरान संबंधित विभागों से रिकॉर्ड जुटाया गया। इसमें सामने आया कि सेंट जॉन एम्बुलेंस इंटरनेशनल एसोसिएशन को फर्स्ट एड ट्रेनिंग प्रमाण पत्र जारी करने की अनुमति नहीं थी। हरियाणा परिवहन आयुक्त कार्यालय का कहना है कि एसोसिएशन कंडक्टर लाइसेंस के लिए मान्य फर्स्ट एड ट्रेनिंग प्रमाण पत्र जारी करने के लिए अधिकृत नहीं थी। इसके बाद हांसी सदर थाना पुलिस ने 13 अक्तूबर 2026 को धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
भुगतान से लेकर लाभार्थियों तक की जांच
सीआईए स्टाफ नारनौंद अब गिरोह से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रहा है। पुलिस पता लगा रही है कि फर्जी प्रमाणपत्र कहां तैयार होते थे और इनके बदले भुगतान किस माध्यम से लिया जाता था। इस काम में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। साथ ही उन लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है जिन्होंने इन प्रमाण पत्रों के आधार पर लाइसेंस बनवाए। पूछताछ और बरामद दस्तावेज के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है।
