Nainital News:सहालग सीजन में दिल्ली-टनकपुर रूट पर यात्रियों की भीड़, बसें कम पड़ीं – Rush Of Passengers On The Delhi-tanakpur Route During The Wedding Season; Buses Fall Short
हल्द्वानी। वीकेंड के आखिरी दिन सहालग सीजन के चलते रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। दिल्ली, जयपुर और गुरुग्राम के लिए बसें कम पड़ गईं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हल्द्वानी और काठगोदाम डिपो से दिल्ली रूट पर 41 से अधिक बसें संचालित की गईं। टनकपुर रूट पर भी अतिरिक्त बसें लगानी पड़ीं।
दीपावली से छठ पूजा तक चले त्योहारी सीजन के बाद बसों में यात्रियों की संख्या घट गई थी, लेकिन रविवार को फिर तेजी आई। हल्द्वानी डिपो के एआरएम संजय पांडे ने बताया कि रात तक पांच वॉल्वो समेत दिल्ली रूट पर 23 बसें भेजी गईं। वहीं, काठगोदाम डिपो के एआरएम गणेश चंद्र पंत के अनुसार दिल्ली के लिए 18 बसों का संचालन किया गया।
नवंबर में हल्द्वानी डिपो की सर्वाधिक कमाई
कुमाऊं में नवंबर में अब तक हल्द्वानी डिपो ने 3.72 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। 3.33 करोड़ रुपये के साथ टनकपुर डिपो दूसरे और 2.81 करोड़ रुपये की आय के साथ काठगोदाम डिपो तीसरे स्थान पर है। हल्द्वानी डिपो ने छह से 16 नवंबर तक त्योहारी सीजन में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 99 प्रतिशत आय हासिल की। प्रदेश में कमाई के मामले में डिपो देहरादून और हरिद्वार के बाद तीसरे स्थान पर है। एआरएम संजय पांडे ने बताया कि आय बढ़ाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
भीड़ में जेबकतरे भी सक्रिय
रविवार को बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरे ने एक यात्री की जेब काट ली। यात्रियों ने उसे पकड़ लिया, लेकिन वह रुपये छोड़कर मौके से भाग निकला। रोडवेज कर्मचारियों ने बस अड्डे पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
