रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
छत्तीसगढ़:यूट्यूब पर दोगुने मुनाफे का लालच देकर 26.92 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार – Surajpur Youtube Investment Fraud Main Accused Arrested Odisha
अंबिकापुर

छत्तीसगढ़:यूट्यूब पर दोगुने मुनाफे का लालच देकर 26.92 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार – Surajpur Youtube Investment Fraud Main Accused Arrested Odisha

November 23, 2026


surajpur youtube investment fraud main accused arrested odisha

गिरफ्तार आरोपी

विस्तार

सूरजपुर पुलिस ने सोशल मीडिया और यूट्यूब पर निवेश पर अधिक ब्याज का लालच देकर लाखों रुपये ठगने वाले मुख्य आरोपी को ओडिशा की कटक जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी कंपनियों का मुख्य प्रबंध निदेशक बनकर कई लोगों को झांसे में लिया था। सूरजपुर कोतवाली पुलिस आरोपी को कटक से लाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस इस अंतरराज्यीय ठगी गिरोह के नेटवर्क और अन्य आरोपियों का सुराग लगाने में जुट गई है।

कंपनियों का संचालक बनकर दिया झांसा

पकड़े गए आरोपी की पहचान तुषार भांजों के रूप में हुई है। उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर यूट्यूब पर आकर्षक विज्ञापनों का जाल बिछाया था। विज्ञापनों में कम समय में दोगुना लाभ और भारी ब्याज देने का सपना दिखाकर आम लोगों को आकर्षित किया जाता था। आरोपी ने खुद को ट्रांसविजन ड्रीम मल्टीट्रेड लिमिटेड और हरित कृषि निधि लिमिटेड नामक दो अलग-अलग कंपनियों का संचालक बताकर लोगों का भरोसा जीता। निवेशकों ने आरोपी की बातों में आकर अपनी गाढ़ी कमाई की बड़ी राशि जमा कर दी, लेकिन बाद में आरोपी रकम लेकर गायब हो गया।

छब्बीस लाख से अधिक की धोखाधड़ी

मामले की जांच में यह बात सामने आई कि आरोपियों ने मिलकर 26,92,000 रुपये से भी अधिक की बड़ी रकम की ठगी की है। ठगी के शिकार लोगों ने सूरजपुर के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी तुषार भांजों आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा के एक अन्य मामले में ओडिशा की कटक जेल में निरुद्ध है। इसके बाद सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया और कटक जेल पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।

नेटवर्क और सहयोगियों की सघन जांच

सूरजपुर कोतवाली पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस ठगी के खेल में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं। इसके साथ ही दोनों कंपनियों के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन का ब्योरा जुटाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जाएगा और पीड़ितों की रकम बरामद करने के प्रयास किए जाएंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X