Tehri News:फकोट में 108 किसानों को बांटा 1.20 करोड़ का ऋण – Loans Worth 1.20 Crore Distributed To 108 Farmers In Fakot
नरेंद्रनगर (टिहरी)। ब्लॉक मुख्यालय फकोट में आयोजित सहकारिता ऋण मेले में 108 किसानों को 1.20 करोड़ रुपये के ऋण के चेक वितरित किए गए। पंडित दीनदयाल किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया गया। योजना के तहत मिले ऋण से किसान खेती-बागवानी के साथ ही अन्य आजीविका के साधन विकसित कर सकेंगे।
ऋण मेले का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, जिला सहायक निबंधक पान सिंह राणा ने किया। ब्लॉक प्रमुख दीक्षा ने कहा कि ब्याज मुक्त ऋण काश्तकारों की आजीविका के साधन बढ़ाने में मददगार साबित होगा।
युवाओं को भी नौकरी पर निर्भर रहने के बजाय कृषि और इससे जुड़े स्वरोजगार के क्षेत्रों में आगे आने की जरूरत है। इस मौके पर बैंक संचालक रोशनी राणा, खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार भट्ट, जिला पंचायत सदस्य हुकम सिंह भंडारी, बीडीसी सदस्य सिद्धार्थ राणा , अपर जिला सहकारी अधिकारी लक्ष्मण बुटोला आदि मौजूद रहे।
