Sambhal News:कार्तिक मेले को लेकर राजघाट स्टेशन पर दो एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव – Two Express Trains To Halt At Rajghat Station For The Kartik Mela
चंदौसी (संभल)। कार्तिक मेला में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं। राजघाट स्टेशन पर दो ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया गया है। साथ ही स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, सुरक्षा और मेडिकल सहायता की भी व्यवस्था की गई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे मुरादाबाद महेश यादव की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए एक-एक ट्रेन का राजघाट स्टेशन पर दो-दो मिनट का ठहराव रहेगा। गाड़ी संख्या 14313 बरेली साप्ताहिक एक्सप्रेस मंगलवार 24 नवंबर को सुबह 11:34 बजे राजघाट स्टेशन पहुंचेगी और 11:36 बजे रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 14320 इंदौर साप्ताहिक एक्सप्रेस बुधवार 25 नवंबर को दोपहर 2:10 बजे स्टेशन पहुंचेगी और 2:12 बजे रवाना होगी। स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ, बुकिंग कर्मचारी और आरपीएफ के जवान मौजूद रहेंगे। साथ ही अतिरिक्त टिकट काउंटर और एटीवीएम मशीनें लगाई गई हैं। इसके अलावा हेल्प डेस्क और मेडिकल सहायता बूथ भी बनाए गए हैं। चंदौसी रेलवे स्टेशन के सीएमआई वेद प्रकाश ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए राजघाट स्टेशन पर दो ट्रेनों का दो-दो मिनट का ठहराव दिया गया है। साथ ही, टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क और मेडिकल सहायता बूथ की भी व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
