Pauri News:33 लाख से बनेगा जूनियर हाईस्कूल कोटी ढुंडसिर का नया भवन – New Building For Koti Dhundsir Junior High School To Be Constructed At A Cost Of 33 Lakh
प्रावि में संचालित हो रही थीं जूनियर हाईस्कूल की कक्षाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के राजकीय जूनियर हाईस्कूल कोटी ढुंडसिर के छात्र-छात्राओं को जल्द नया भवन मिल जाएगा। विद्यालय के नए भवन का निर्माण करीब 33 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। लंबे समय से विद्यालय भवन जर्जर होने के कारण छात्र-छात्राओं की कक्षाएं राजकीय प्राथमिक विद्यालय के भवन में संचालित की जा रही थीं। अब नए भवन का निर्माण होने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी।
दरअस राजकीय जूनियर हाईस्कूल कोटी ढुंडसिर का पुराना भवन काफी समय से जर्जर स्थिति में था। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय की कक्षाओं को राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट कर दिया गया था। वहीं इसी भवन में आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित हो रहा था। ऐसे में एक ही स्थान पर प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन होने से सीमित स्थान के कारण पठन-पाठन की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही थीं। अब करीब 33 लाख रुपये की लागत से नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है। उम्मीद है कि नए शिक्षा सत्र से पहले भवन तैयार हो जाएगा और जूनियर हाईस्कूल की कक्षाओं का संचालन पहले की भांति अपने भवन में शुरू हो सकेगा। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. यशवंत सिंह नेगी ने बताया कि विद्यालय का भवन काफी समय से जर्जर था। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षाओं को प्राथमिक विद्यालय में संचालित कराया जा रहा था। नए भवन का निर्माण पूरा होने के बाद कक्षाएं वहां शिफ्ट कर दी जाएंगी। संबंधित कार्यदायी संस्था को जनवरी तक निर्माण कार्य पूरा करने का समय दिया गया है।
