रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
अलीगढ़:दूल्हे के दोस्तों ने की हर्ष फायरिंग, किशोर ने किया विरोध तो मार दी गोली, एक गिरफ्तार और तीन पर केस – Teen Shot For Opposing Celebratory Firing At Wedding
अलीगढ़

अलीगढ़:दूल्हे के दोस्तों ने की हर्ष फायरिंग, किशोर ने किया विरोध तो मार दी गोली, एक गिरफ्तार और तीन पर केस – Teen Shot For Opposing Celebratory Firing At Wedding

November 23, 2026


Teen Shot For Opposing Celebratory Firing At Wedding

गले में गोली लगने से घायल किशोर
– फोटो : संवाद

विस्तार

अलीगढ़ में अतरौली थाना क्षेत्र के गांव वीरसिंहपुर में शनिवार देर रात बरात चढ़त के दौरान दूल्हे के तीन दोस्त तमंचे से हर्ष फायरिंग कर डांस कर रहे थे। ललित (14) ने फायरिंग करने से रोका तो उन्होंने उसकी गर्दन में गोली मार दी और भाग गए। गंभीर घायल हुए ललित को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में दूल्हे के दोस्त चकाथल गांव के सत्यवीर उर्फ सत्या और उसके दोस्तों कपिल और प्रेमशंकर उर्फ गोंडा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने रविवार को मुख्यारोपी सत्यवीर उर्फ सत्या को गिरफ्तार कर लिया।

गांव ककेथल के माजरा वीरसिंहपुर निवासी नरेश की बेटी राधा की शनिवार को नोअरी भोजपुर निवासी चोब सिंह के बेटे भूपेंद्र से शादी थी। रात में नाश्ते के बाद रात करीब 11:30 बजे गांव के बाहर बने गौरीशंकर के मकान के पास से बरात चढ़त शुरू हुई। रात करीब 12 बजे जब बरात गांव के निकट पहुंची तो दूल्हे के दोस्त और उसके साथी डांस करते हुए अवैध तमंचे से हर्ष फायरिंग करने लगे।

दर्ज कराई गई प्राथमिकी में वीरसिंहपुर गांव निवासी राकेश ने कहा है कि बरात देख रहे उनके बेटे ललित ने फायरिंग करने का विरोध किया। इस पर आरोपियों ने ललित पर गोली चला दी। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इस वारदात से बरात में अफरातफरी मच गई और दहशत फैल गई। परिजन किशोर को सीएचसी लेकर गए। यहां हालत गंभीर होने के कारण उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। वहां उसकी हालत नाजुक बताई गई है।

सूचना मिलते ही रात में थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बाद में शादी की औपचारिक रस्में पूरी कर सुबह करीब सात बजे दुल्हन की विदाई की गई। मामले में ललित के पिता राकेश की तहरीर पर बीएनएस की धारा 125, 109 (1), 3 (5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।-अनिवेश कुमार सिंह, सीओ अतरौली।

कहां से आया तमंचा, हर्ष फायरिंग पर नहीं लग रही रोक

जिले में हर्ष फायरिंग के कारण पहले भी कई हादसे और वारदात हो चुकी हैं। आलाधिकारियों ने हर्ष फायरिंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद हर्ष फायरिंग पर रोक नहीं लग पा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी से वारदात में प्रयोग किया तमंचा बरामद कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह तमंचा कहां से लेकर आया। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि अन्य दोनों आरोपियों के पास भी तमंचे थे और वे भी हर्ष फायरिंग कर रहे थे या नहीं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X