रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बालोद:फल-सब्जी की आड़ में गांजा तस्करी, दो भाइयों समेत चार गिरफ्तार – Interstate Cannabis Smuggling Network Busted In Balod
बालोद

बालोद:फल-सब्जी की आड़ में गांजा तस्करी, दो भाइयों समेत चार गिरफ्तार – Interstate Cannabis Smuggling Network Busted In Balod

November 23, 2026


Interstate cannabis smuggling network busted in Balod

गांजा खपाने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ – फाइल फोटो

विस्तार

बालोद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो सगे भाइयों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 138.551 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है।

जब्त गांजे, वाहनों, मोबाइल और नकदी की कुल अनुमानित कीमत 85 लाख 72 हजार 550 रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देश पर यह अभियान चला। 21 नवंबर को थाना सनौद पुलिस को ग्राम अरकार निवासी भीषम सतनामी (28) के घर से गांजा बेचने की सूचना मिली। पुलिस ने दबिश देकर उसके पास से 1.995 किलोग्राम गांजा जब्त किया। पूछताछ में भीषम ने गांव के कामता प्रसाद कोसरे (43) से गांजा खरीदने की बात कबूली। पुलिस ने कामता प्रसाद को हिरासत में लिया और 3,000 रुपये नकद व एक मोबाइल जब्त किया। कामता प्रसाद से पूछताछ में मुख्य सप्लायर ओमप्रकाश पटेल (28) और कुलेश्वर पटेल (24) का नाम सामने आया। ये दोनों सगे भाई ग्राम खप्परवाड़ा के निवासी हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों भाइयों को भी दबोच लिया।

तस्करी का तरीका

पूछताछ में पता चला कि वर्ष 2023 में खेती छोड़कर दोनों भाइयों ने एक महिंद्रा पिकअप खरीदा था। किस्त चुकाने में परेशानी होने पर उन्होंने वाहन को भिलाई फल मंडी में लगाया। वे फल-सब्जी लाने के बहाने ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा लाते थे। वे 10 से 20 किलो की खेप में गांजा लाकर जिले में खपाते थे।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

दोनों भाइयों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके घर से 134 पैकेटों में छिपाकर रखा 136.56 किलोग्राम गांजा बरामद किया। यह गांजा लोहे की पेटी और दीवान के भीतर छिपाया गया था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप (CG 07 CQ 1575), एक मोटरसाइकिल (CG 08 BF 9607), चार मोबाइल और 13,000 रुपये नकद जब्त किए। प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के साथ धारा 29 भी जोड़ी गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सनौद निरीक्षक सोनसिंग सोरी और साइबर सेल प्रभारी सउनि धरम भुआर्य सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X