पीलीभीत। पुलिस लाइन में सोमवार को पुलिस झंडा दिवस परेड एवं ध्वज सम्मान समारोह आयोजित किया गया। एसपी सुकीर्ति माधव के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में पुलिस ध्वज को सलामी दी गई। इस दौरान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से भेजे गए संदेश को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज पुलिस बल के शौर्य, साहस, कर्तव्यपरायणता और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। इसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। एसपी ने बताया कि 23 नवंबर 1952 को उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। यह सम्मान पाने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला पुलिस बल है। इसी उपलक्ष्य में हर साल झंडा दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम में सीओ सिटी, सीओ यातायात, सीओ अपराध समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।संवाद