Nainital News:रोज एसटीएच पहुंच रहे निमोनिया, अस्थमा से जकड़े मासूम – Children Suffering From Pneumonia And Asthma Are Arriving At Sth Every Day
हल्द्वानी। बदलते मौसम में सबसे ज्यादा मार मासूम बच्चों पर पड़ रही है। डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में रोज निमोनिया और एलर्जिक अस्थमा से पीड़ित 6-7 बच्चे पहुंच रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा अग्रवाल और डॉ. नूतन सिंह ने बताया कि ठंड बढ़ने, सुबह-शाम कोहरा, धूल, धुआं और वायरल इंफेक्शन के कारण बच्चों में निमोनिया और एलर्जिक अस्थमा के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, निमोनिया बच्चों के फेफड़ों का संक्रमण है जिसमें फेफड़ों में पानी या मवाद भर जाता है। इसमें बच्चे को सांस लेने में दिक्कत होती है। अगर बच्चे को तीन दिन से ज्यादा लगातार खांसी, तेज बुखार, ठंड लगना, सांस फूलना, सीने में दर्द, बलगम में पीलापन, दूध पीने में दिक्कत, सुस्ती या रोना बढ़ जाए तो इसे नजरअंदाज न करें और तत्काल डॉक्टर को दिखाएं।
वहीं एलर्जिक अस्थमा में धूल, धुआं, परागकण, ठंडी हवा या पालतू जानवरों के रोएं से बच्चे की सांस की नली सिकुड़ जाती है। इससे बार-बार छींक आना, नाक बहना, सीने में जकड़न, सीटी जैसी आवाज, रात में खांसी बढ़ना और थोड़ी सी खेलकूद में सांस फूलना जैसी परेशानी होती है। डॉ. पूजा अग्रवाल और डॉ. नूतन सिंह ने बताया कि दोनों बीमारियों का समय पर इलाज जरूरी है। बच्चों को डॉक्टर की सलाह पर ही दवा, इन्हेलर और नेबुलाइजर दें।
