हापुड़। मौसम में बदलाव और सुबह-शाम चल रही सर्द हवाओं के कारण लोगों की सेहत पर असर पड़ने लगा है। वहीं, वातावरण में छाए स्मॉग ने भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इन दिनों अस्पतालों में खांसी, जुकाम, गले में दर्द और सिरदर्द की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने से लोग तेजी से मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
स्मॉग के कारण सांस संबंधी परेशानियां भी बढ़ रही हैं। दमा और सांस के अन्य रोगों से पीड़ित मरीजों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। बुजुर्गों को भी घर से बाहर निकलने पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय वातावरण में धुंध और प्रदूषण का असर अधिक महसूस होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं।
तैनात डॉ. अशरफ ने बताया कि दिवाली के बाद इस प्रकार के मरीजों की संख्या में दोगुना का इजाफा हुआ है। हर दिन सीएचसी में करीब 150 मरीज पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मौसम में लोग सुबह और देर शाम अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। खासकर, सांस के मरीज, बुजुर्ग और बच्चे स्मॉग के सीधे संपर्क में आने से बचें। ठंडी हवा से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और खानपान में सावधानी बरतें। खांसी, जुकाम या सांस लेने में परेशानी होने पर लापरवाही न करें और चिकित्सक से परामर्श लें। वहीं, लोगों को प्रदूषण वाले वातावरण में लंबे समय तक रहने से बचने की सलाह दी है।
मामले में सीएमओ डॉ. किशोर कुमार आहूजा का कहना है कि जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती किया जाता है। लोग सावधानी बरतेंगे तो स्वयं भी बीमार होने से बच सकेंगे। भर्ती करने के लिए वार्डों में बेड खाली हैं।